रिषड़ा नगरपालिका में भाजपा का प्रदर्शन, विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर सौंपा ज्ञापन
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
हुगली, 03 जुलाई (हि. स.)। रिषड़ा नगरपालिका क्षेत्र की विभिन्न नागरिक समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी एवं भारतीय जनता युवा मोर्चा के श्रीरामपुर मंडल-4 और मंडल-5 की ओर से शुक्रवार अपराह्न रिषड़ा नगरपालिका में प्रदर्शन कर अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा गया।
कार्यक्रम की शुरुआत नगरपालिका के मुख्य प्रवेश द्वार पर भाजपा कार्यकर्ताओं के एकत्र होने के साथ हुई। इस दौरान पार्टी नेताओं ने उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नगर की विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान की आवश्यकता पर अपनी बात रखी। इसके बाद भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल नगरपालिका के अधिकारियों से मिला और विभिन्न मांगों पर चर्चा करने के बाद उन्हें ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में भाजपा श्रीरामपुर मंडल-4 के अध्यक्ष संतोष सिंह, पार्षद शशि सिंह झा, पार्षद मनोज सिंह, अजय सिंह, विजय उपाध्याय, प्रिंस चौबे, राकेश सिंह तथा भाजयुमो मंडल-4 के अध्यक्ष संतोष मंडल सहित अन्य नेता शामिल थे।
भाजपा नेताओं के अनुसार ज्ञापन में जल निकासी व्यवस्था में सुधार, शहर की सफाई, नालों की नियमित सफाई, अतिक्रमण हटाने, नगरपालिका में कथित आर्थिक अनियमितताओं की जांच कराने समेत कई जनहित से जुड़े मुद्दे उठाए गए हैं।
भाजपा पार्षद शशि सिंह झा ने बताया कि नगरवासियों की लंबे समय से लंबित समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर यह ज्ञापन सौंपा गया है। उन्होंने कहा कि नगरपालिका के अधिकारियों ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना, उन्हें अभिलेख में दर्ज किया तथा शीघ्र आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।---------------

