सिरसा: अनियंत्रित मोटरसाइकिल नहर में गिरा, एक की मौत, दूसरा सुरक्षित बाहर निकाला
- DSS Admin
- Jun 28, 2026
सिरसा, 28 जून (हि.स.)। जिले के डबवाली उपमंडल क्षेत्र में बाइक सवार दो युवक भाखड़ा मेन ब्रांच नहर में गिर गए, जिससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है। मृतक युवक की पहचान गांव राजपुरा माजरा निवासी मनीष के रूप में हुई है। शव का रविवार को गांव के शमशान घाट में अंतिम संस्कार किया गया।
गांव राजपुरा निवासी मनीष व विनोद कुमार शनिवार रात को निकटवर्ती राजस्थान के संगरिया कस्बे में दिहाड़ी मजदूरी करने के बाद मोटरसाइकिल पर घर लौट रहे थे। गांव अबूबशहर के पास मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर भाखड़ा मेन ब्रांच नहर में गिर गया। विनोद कुमार किसी तरह नहर से बाहर निकलने में सफल रहा।
बाहर आने के बाद उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और विनोद की जानकारी के आधार पर मनीष की नहर में तलाश शुरू की गई, लेकिन मनीष का कोई पता नहीं चल पाया। रातभर ग्रामीण मनीष की तलाश करते रहे, लेकिन उन्हें कोई सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह गोताखोरों को मदद ली गई। तलाशी अभियान के दौरान गोताखोर मनीष को ढूंढऩे में कामयाब रहे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। गोताखोरों ने मोटरसाइकिल को भी बाहर निकाल लिया है। बताया जा रहा है कि मनीष विवाहित था और उसका एक छोटो बच्चा है। शव का डबवाली के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------

