हिसार : ठेकेदारी में हुआ 35 लाख का नुकसान तो कर ली आत्महत्या
- Vijesh Sharma
- Jun 23, 2026

कृष्णा नगर में युवक ने खुद को गोली से उड़ाया
हिसार, 23 जून । कामकाज में हुए नुकसान की परेशानी के चलते शहर के कृष्णा
नगर में युवक ने लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। लगभग 30 वर्षीय अमन
शर्मा ठेकेदार का काम करता था। सूचना मिलने पर अर्बन एस्टेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची
और मामले की जांच शुरू की।
बताया जा रहा है कि मंगलवार को गोली चलने की आवाज सुनकर परिजन कमरे में पहुंचे,
जहां युवक खून से लथपथ बेड पर पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस के अनुसार, अमन ने अपने
कमरे में माथे पर गोली मारी थी। घटनास्थल से गोली का खोल भी बरामद किया गया है। पुलिस
ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया।
परिजनों ने बताया कि अमन पहले बीएंडआर विभाग में ठेकेदारी का काम करता था।
कारोबार में करीब 35 लाख रुपए का नुकसान होने के बाद उसने ठेकेदारी छोड़ दी थी। इसके
बाद वह अपने पिता के साथ दुकान पर काम करने लगा था। लगभग एक महीने पहले वह हिमाचल प्रदेश
से अपनी लाइसेंसी 12 बोर बंदूक लाया था, जिसका लाइसेंस भी हिमाचल प्रदेश से ही बना
था।
परिजनों के अनुसार अमन आमतौर पर सुबह जल्दी उठकर तैयार हो जाता था।
मंगलवार को वह देर तक कमरे से बाहर नहीं आया। उसने अपने पिता अरुण शर्मा को अकेले ही
दुकान पर भेज दिया। दोपहर 12 बजे बाद कमरे से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। परिजन तुरंत
कमरे में पहुंचे और अमन को बेड पर पड़ा पाया। मृतक के पिता अरुण शर्मा ने बताया कि अमन ने परिवार को कभी किसी परेशानी या
तनाव के बारे में नहीं बताया था। उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं थी कि अमन किसी
अवसाद से गुजर रहा था। अमन परिवार का इकलौता बेटा था और उसकी दो बहनें हैं। पुलिस के
अनुसार मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है।

