फरीदाबाद : विधानसभा चुनाव के लिए जिला में बनाए गए 1650 मतदान केंद्र

फरीदाबाद, 4 अक्टूबर (हि.स.)। विधानसभा आम चुनाव-2024 के लिए जिला में कुल 1650 बूथ बनाए गए हैं। मतदाताओं की सुविधा के लिए हाईराइज सोसायटी व ग्रुप हाऊसिंग सोसायटी में 57 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी विक्रम सिंह ने बताया कि जिला के 17 लाख 94 हजार 552 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर विधानसभा चुनाव में भागीदारी निभाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी ने शुक्रवार काे जारी जानकारी में बताया कि जिला के 85-पृथला विधानसभा क्षेत्र में 01 लाख 20 हजार 479 पुरुष, एक लाख 05 हजार 717 महिलाएं व छह ट्रांसजेंडर सहित कुल दो लाख 26 हजार 202 मतदाता हैं।

इसी प्रकार 86-एनआईटी विस क्षेत्र में 01 लाख 77 हजार 619 पुरुष, 01 लाख 43 हजार 528 महिलाएं व 12 ट्रांसजेंडर वोटर सहित कुल 3 लाख 21 हजार 159 मतदाता हैं। 87-बडख़ल विधानसभा क्षेत्र में 01 लाख 79 हजार 01 पुरूष, 01 लाख 53 हजार 100 महिलाएं व 24 ट्रांसजेंडर सहित 3 लाख 32 हजार 125 मतदाता हैं। 88-बल्लभगढ़ विधानसभा क्षेत्र में 01 लाख 51 हजार 863 पुरुष, एक लाख 22 हजार 875 महिलाएं एवं 05 ट्रांसजेंडर समेत 2 लाख 74 हजार 743 मतदाता हैं। 89-फरीदाबाद विधानसभा क्षेत्र में 01 लाख 42 हजार 221 पुरूष, 01 लाख 23 हजार 640 महिलाएं एवं 08 ट्रांसजेंडर सहित 2 लाख 65 हजार 869 मतदाता हैं। वहीं 90-तिगांव विधानसभा विस क्षेत्र में 02 लाख 05 हजार 321 पुरुष, एक लाख 69 हजार 108 महिलाएं एवं 25 ट्रांसजेंडर सहित 3 लाख 74 हजार 454 मतदाता हैं जो शनिवार 5 अक्टूबर को होने वाले विधानसभा आम चुनाव-2024 में भागीदारी निभाएंगे।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने व महिला मतदाताओं को बढ़चढक़र मतदान के प्रति प्रेरित करने के उद्देश्य से जिला की विधानसभाओं में पिंक पोलिंग बूथ एवं सखी बूथ स्थापित किया गया है। इन सखी बूथ पर पोलिंग पार्टियों में महिलाएं अधिकारी एवं कर्मचारी चुनाव प्रक्रिया संपन्न करवाएंगी। इन बूथों को सुसज्जित ढंग से सजाया गया है। शुक्रवार को 86-एनआईटी के आरओ एवं एडीसी डॉ.आनंद शर्मा, 90-तिगांव विस के आरओ एवं सीईओ जिला परिषद सतबीर मान, 89-फरीदाबाद विस क्षेत्र की आरओ एवं एसडीएम फरीदाबाद शिखा, 88-बल्लभगढ़ विस क्षेत्र के आरओ एवं एसडीएम मयंक भारद्वाज, 87-बडख़ल विस क्षेत्र के आरओ एवं एसडीएम अमित मान व 85-पृथला विस क्षेत्र के आरओ एवं हशिविप्र के संपदा अधिकारी सिद्धार्थ दहिया की देखरेख में सभी पार्टियां मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गई।

हिन्दुस्थान समाचार / -मनोज तोमर

   

सम्बंधित खबर