108 दिवसीय राजस्थान योगा फेस्टिवल 18 जून से

जयपुर, 17 जून (हि.स.)। योग,अध्यात्म और भारतीय संस्कृति के व्यापक प्रसार के उद्देश्य से 18 जून से 4 अक्टूबर 2026 तक 108 दिवसीय ‘राजस्थान योगा फेस्टिवल 2026’ का आयोजन किया जाएगा। महाभारत की कर्मभूमि एवं श्रीमद्भगवद्गीता के दिव्य संदेश की पावन भूमि कुरुक्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय ख्यातिप्राप्त संत एवं गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद महाराज ने फेस्टिवल के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने “घर-घर गीता, घर-घर योग, घर-घर ध्यान” तथा “हर दिन गीता, हर दिन योग, हर दिन ध्यान” का संदेश देते हुए अभियान के लिए मार्गदर्शन प्रदान किया।

गीता प्रचारक एवं योगाचार्य मनीष सूर्यवंशी ने बताया कि “वसुधैव कुटुम्बकम्–योग मानवता के लिए, वैश्विक सद्भाव के लिए” थीम पर आधारित यह आयोजन जनआंदोलन के रूप में संचालित होगा। अभियान का उद्देश्य योग, प्राणायाम, ध्यान, गीता, संस्कार, सेवा, भारतीय संस्कृति और मानवीय मूल्यों को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है।

फेस्टिवल के मुख्य समन्वयक योगाचार्य प्रियाकांत गौतम ने बताया कि अभियान का शुभारंभ 18 जून को प्रातः 5 बजे जयपुर की गलता घाटी स्थित प्राचीन सूर्य मंदिर में सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम से होगा। कार्यक्रम में मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित संतोष कुमार शर्मा का सान्निध्य रहेगा तथा युवा योग प्रशिक्षकों के निर्देशन में सामूहिक योगाभ्यास कराया जाएगा।

फेस्टिवल के दौरान योग, प्राणायाम, ध्यान, गीता अध्ययन, युवा नेतृत्व, परिवार प्रबोधन, संस्कार शिक्षा, स्वास्थ्य जागरूकता, पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण एवं सामाजिक समरसता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान का मूल संदेश “योग से स्वास्थ्य, संस्कार से समाज, सेवा से राष्ट्र और अध्यात्म से विश्व शांति” रहेगा।

इस जनअभियान में पतंजलि योगपीठ, क्रीड़ा भारती, भारतीय शिक्षा बोर्ड, ब्रह्माकुमारीज, गायत्री परिवार, आर्ट ऑफ लिविंग, इंडियन योगा एसोसिएशन, सूर्यवंशम योगा एंड वेलनेस सेंटर, समर्पण संस्थान, योगा पीस संस्थान, अंतर्राष्ट्रीय वैश्य महासम्मेलन, स्वामीनारायण मंदिर, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, एलेन इंस्टीट्यूट, सेंट सोल्जर स्कूल, कमलाबाई चैरिटेबल ट्रस्ट, साईनाथ चैरिटेबल ट्रस्ट और यूनिराज एलुमनाई सहित अनेक संस्थाओं ने सहभागिता की सहमति दी है।

ब्रह्माकुमारी जयपुर सबजोन इंचार्ज बीके सुषमा, योगाचार्य ढाकाराम, मेघ सिंह चौहान, महेंद्र यादव, योगाचार्य कुलभूषण बैराठी, राजू मंगोड़ी वाला, जसवीर सिंह, डॉ. गरिश्मा पंवार एवं डॉ. अनिल शर्मा सहित विभिन्न क्षेत्रों के प्रतिनिधियों ने भी अभियान से जुड़ने की घोषणा की।

---------------

   

सम्बंधित खबर