तमन्ना हत्याकांड में 12 और आरोपित गिरफ्तार, मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कहा - 'मैंने अपना वादा निभाया'

कोलकाता, 27 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने कालीगंज की नौ वर्षीय तमन्ना खातून हत्याकांड में पुलिस की कार्रवाई को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। मुख्यमंत्री ने शनिवार को अपने 'एक्स' पर पिछले कुछ दिनों में गिरफ्तार किए गए 12 आरोपितों की सूची जारी करते हुए लिखा, तमन्ना को न्याय दिलाना हमारी प्राथमिकता है और हमने अपना वादा निभाया है।

दरअसल, पिछले वर्ष 23 जून को उपचुनाव के नतीजे घोषित होने के दिन नदिया जिले के कालीगंज थाना क्षेत्र के मोलांदी गांव में बदमाशों द्वारा फेंके गए बम की चपेट में आने से तमन्ना खातून की मौत हो गई थी। घटना के बाद तमन्ना की मां सबीना यासमीन ने 24 लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। शुरुआती कार्रवाई में पुलिस ने 11 आरोपितों को गिरफ्तार किया था, जबकि बाकी आरोपित फरार थे।

सरकार बदलने के बाद मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने विधानसभा में इस मामले का उल्लेख करते हुए तमन्ना के परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया था। इसके बाद उन्होंने पीड़िता की मां सबीना यासमीन से मुलाकात कर जल्द कार्रवाई का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद पुलिस ने लगातार अभियान चलाकर फरार आरोपितों की तलाश शुरू की। पुलिस ने हरियाणा के गुरुग्राम और महाराष्ट्र के नागपुर सहित कई स्थानों पर छापेमारी कर आरोपितों को गिरफ्तार किया। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्राथमिकी में नामजद लगभग सभी आरोपितों को अब गिरफ्तार किया जा चुका है।

अपने पोस्ट में मुख्यमंत्री ने कृष्णानगर जिला पुलिस की सराहना करते हुए कहा कि तमन्ना को न्याय दिलाने के लिए पुलिस ने त्वरित और कानूनसम्मत कार्रवाई की है। वहीं, इस कार्रवाई से तमन्ना की मां सबीना यासमीन ने भी संतोष जताया है।

---------------

   

सम्बंधित खबर