अंबुबासी मेले में जीएमसी की पहल: श्रद्धालुओं को निःशुल्क शुद्ध पेयजल, हजारों भक्त लाभान्वित
- DSS Admin
- Jun 25, 2026
गुवाहाटी, 25 जून (हि.स.)। अंबुबासी मेले के अवसर पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए गुवाहाटी म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (जीएमसी) ने सराहनीय पहल की है। मेले के विभिन्न महत्वपूर्ण स्थलों पर जीएमसी की ओर से निःशुल्क शुद्ध पेयजल के पैकेट वितरित किए जा रहे हैं, जिससे श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली है।
हर वर्ष की तरह इस बार भी कामाख्या धाम में आयोजित अंबुबासी मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, साधु-संत और तीर्थयात्री पहुंचे हैं। भीषण गर्मी और लंबी यात्रा की थकान के बीच शुद्ध पेयजल की उपलब्धता श्रद्धालुओं के लिए विशेष रूप से राहत का कारण बनी हुई है। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए जीएमसी ने मेला परिसर तथा आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल के पैकेट उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है।
जानकारी के अनुसार, प्रतिदिन हजारों पेयजल पैकेट श्रद्धालुओं के बीच निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं। जीएमसी के कर्मचारी विभिन्न स्थानों पर तैनात रहकर नियमित रूप से जल वितरण का कार्य कर रहे हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को पेयजल के अभाव में कठिनाई का सामना न करना पड़े।
मेले में आए श्रद्धालुओं ने इस पहल का स्वागत करते हुए जीएमसी और प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया है। उनका कहना है कि भारी भीड़ और लंबे इंतजार के दौरान शुद्ध पेयजल उपलब्ध होने से उन्हें काफी सुविधा मिली है।
अंबुबासी मेले जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में जनस्वास्थ्य और मूलभूत सुविधाओं को सुनिश्चित करने की दिशा में जीएमसी की यह पहल प्रशंसनीय है। श्रद्धालुओं के लिए सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने का यह प्रयास मेले की समग्र व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
---------------

