भागलपुर, 15 मई (हि.स.)। आर्ट ऑफ गिविंग बिहार राज्य यूनिट के तत्वावधान में 17 मई को इंटरनेशनल आर्ट ऑफ गिविंग डे की तेरहवां वर्षगांठ के अवसर पर बिहार के 125 प्रमुख वॉलीबॉल क्लब को तीन तीन वालीबॉल और एक एक वॉलीबॉल नेट आर्ट ऑफ गिविंग के संस्थापक डॉक्टर अच्युत सामंत की तरफ से प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर अपने संदेश में डॉक्टर अच्युत सामंत ने बताया कि हर वर्ष 17 मई को विश्व स्तर पर 202 देशों में इंटरनेशनल आर्ट ऑफ गिविंग डे धूमधाम से अलग अलग थीम के साथ मनाया जाता है।इस वर्ष के थीम शेयर एंड शाइन के तहत खेल और खिलाड़ियों के चेहरे पर खुशियां लाने के उद्देश्य से देश के 5 हजार वॉलीबॉल क्लबों को वॉलीबॉल और नेट देने का काम कर रहे हैं। मेरा उद्देश साफ़ है जब जन तक खेल भावना और खेल का प्रचार प्रसार कर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को इंटरनेशनल मंच तक लाना है।
बिहार राज्य आर्ट ऑफ गिविंग यूनिट के अध्यक्ष नील कमल राय ने शुक्रवार को बताया कि डॉक्टर अच्युत सामंत के संदेश शेयर एवं शाइन के तहत बिहार के 125 क्लबों के हजारों युवा खिलाड़ियों के चेहरे पर खुशियां लाने का काम कर रहे है।
उन्होंने आगे बताया कि भागलपुर में 17 मई को आर्ट ऑफ गिविंग डे खेल भवन में 10 बजे प्रातः मनाया जाएगा जहां भागलपुर, मुंगेर, लखीसराय के 25 वॉलीबॉल क्लब के खिलाड़ियों को वॉलीबॉल और नेट प्रदान किया जाएगा। भागलपुर के संयोजक अजय राय सह संयोजक मृणाल किशोर होंगे। मुख्य अतिथि भागलपुर के नगर विधायक रोहित पांडे, विशिष्ट अतिथि प्रीति शेखर एवं जयनारायण कुमार जिला खेल पदाधिकारी के साथ सभी खेल संघों के अधिकारी, खिलाड़ी और खेल प्रेमी उपस्थित होंगे।
---------------

