असम विधानसभा का अधिवेशन आज से, सदन में यूसीसी विधेयक पेश करेगी सरकार
- DSS Admin
- May 21, 2026
गुवाहाटी, 21 मई, (हि.स.)। असम विधानसभा के सोलहवें सत्र की शुरुआत आज से होने जा रही है। सत्र के पहले ही दिन आज विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए चुनाव आयोजित किया जाएगा। वहीं मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा नेतृत्वाधीन सरकार अपना बहुमत साबित करेगी। इसी सत्र में सरकार समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक पेश करेगी, जिसको लेकर सदन में हंगामा होने की उम्मीद है। मुस्लिम विधायक यूसीसी का विरोध करेंगे। उल्लेखनीय है कि कुल 22 विपक्षी विधायकों में से 20 विधायक मुस्लिम समुदाय से हैं।
उल्लेखनीय है कि बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष पद के लिए विधायक रंजीत दास के समर्थन में एनडीए प्रतिनिधिमंडल ने नामांकन पत्र दाखिल किया। मंत्री अतुल बोरा, चंद्रमोहन पटवारी, विधायक पीयूष हजारिका, केशव महंत और मानव डेका ने संयुक्त रूप से रंजीत दास का नामांकन प्रस्तुत किया था।
इससे पहले वरिष्ठ भाजपा नेता चंद्रमोहन पटवारी ने राज्यपाल के समक्ष प्रोटेम स्पीकर के रूप में शपथ ग्रहण की थी। उनके नेतृत्व में आज विधानसभा की प्रारंभिक कार्यवाही और अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।
इधर, विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता को लेकर भी राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। स्वतंत्रता के बाद पहली बार असम विधानसभा में किसी “मियां” समुदाय के नेता को विपक्ष का नेता बनाए जाने की चर्चा है। वाजेद अली चौधरी को विपक्ष का नेता बनाए जाने की संभावना जताई जा रही है।
इस मुद्दे को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी राजनीतिक प्रतिक्रिया देखने को मिल सकती है।
----------

