इतिहास के पन्नों में 18 अप्रैल : भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के सेनानायक तात्या टोपे को फांसी पर लटकाया गया
- Admin Admin
- Apr 17, 2025

आज के ही दिन मराठा महायोद्धा और भारत के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख सेनानायक श्रीमंत तात्या टोपे को फांसी पर लटकाया गया था। सन् 1857 के विद्रोह में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही थी। उनका जन्म महाराष्ट्र के नासिक जिले के निकट येवला गांव में एक ब्राह्मण परिवार में हुआ था। उनके पिता पांडुरंग राव पेशवा बाजीराव द्वितीय के विश्वासपात्र कर्मचारियों में से एक थे। उनका वास्तविक नाम रामचंद्र पांडुरंग राव था। कुछ समय तक उन्होंने ईस्ट इंडिया कंपनी की बंगाल सेना की तोपखाना रेजीमेंट में भी काम किया था। लेकिन स्वाभिमानी होने के कारण तात्या टोपे ने अंग्रेजों की नौकरी छोड़ दी।
उन्होंने बाजीराव की नौकरी कर ली। कहा जाता है कि बाजीराव ने उन्हें एक बेशकीमती टोपी दी थी। वह इस टोपी को बड़े चाव से पहनते थे। टोपी पहनने के कारण ही उन्हें तात्या टोपे के नाम से पुकारा जाने लगा। सन 1857 का विद्रोह दस मई को मेरठ से शुरू हुआ था। जल्द ही क्रांति की चिंगारी समूचे भारत में फैल गई। उस गौरवशाली इतिहास के मंच से झांसी की रानी लक्ष्मीबाई, नाना साहब पेशवा, बहादुरशाह जफर आदि के जाने के बाद स्वतंत्रता संग्राम की कमान तात्या टोपे ने ही संभाली थी। वह देश की आजादी की लड़ाई लड़ते हुए ग्वालियर आ गए। इसी बीच उन्हें शिविर में आराम करते समय अंग्रेजी फौज ने धोखे से पकड़ लिया था। मध्य प्रदेश के शिवपुरी में 1859 में आज के ही दिन उन्हें फांसी दे दी गई। तात्या टोपे से अंग्रेज इतने भयभीत थे कि उन्हें नियम विरुद्ध दो बार फांसी पर लटकाया गया था।
अन्य प्रमुख घटनाएं :-
1612 : शाहजहां ने मुमताज से निकाह किया।
1902 : अपराधियों की पहचान के लिए डेनमार्क ने सबसे पहले फिंगरप्रिंट दर्ज करना स्टार्ट किया।
1917 : महात्मा गांधी ने अपने सत्याग्रह आंदोलन की शुरुआत के लिए बिहार के चंपारण का चयन किया।
1950 : विनोबा भावे ने आंध्र प्रदेश (तेलंगाना) के पचमपल्ली गांव से भूदान आंदोलन की शुरुआत की।
1968 : अमेरिका ने नेवादा परीक्षण स्थल पर परमाणु परीक्षण किया।
1971 : भारत का पहला जंबो जेट बोइंग- 747 मुंबई पहुंचा और इसे सम्राट अशोक नाम दिया गया।
1991 : केरल को देश का पहला पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया गया।
1994 : वेस्टइंडीज के बल्लेबाज़ ब्रायन लारा ने 375 रन बनाकर टेस्ट मैच की एक पारी में सर्वाधिक रन बनाने का वर्ल्ड रिकार्ड बनाया।
2001 : भारतीय सीमा में घुसी बांग्लादेश की सेना की गोलीबारी से भारत के 16 जवान शहीद हुए।
2002 : 1973 से इटली में निवास कर रहे अफ़ग़ानिस्तान के पूर्व शासक मोहम्मद जहीर शाह काबुल लौटे।
2006 : राबिन हुड का शहर नाटिंघम लूटग्रस्त शहर घोषित।
2008 : भारत और मैक्सिको ने नागरिक उड्डयन और ऊर्जा के क्षेत्र में नए समझौते किए।
2008 : इंफोसिस टेक्नोलाजी ने विकास के लिए अमेरिका की कॉनसेको के साथ पांच वर्ष के लिए करार किया।
जन्म :-
1621 : सिखों के नौंवे गुरु तेग बहादुर।
1858 : आधुनिक भारत के सबसे बड़ा समाज सुधारक महषि र्डो घोंड़ो केशव कर्वे।
1928 : भारतीय सिनेमा की जानीमानी अभिनेत्री दुलारी।
1916 : हिन्दी फ़िल्मों की प्रसिद्ध अभिनेत्री ललिता पवार।
निधन :-
1978 : आधुनिक नई दिल्ली का निर्माण करने वाले सोभा सिंह।
1955 : प्रसिद्ध वैज्ञानिक अलबर्ट आइंस्टाइन।
1898 : भारत के क्रांतिकारी दामोदर हरी चापेकर ।
1972 : महान भारतीय संस्कृतज्ञ और विद्वान पंडित पांडुरंग वामन काणे ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सीपी सिंह