आर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर महिला पुलिस का छापा, 20 नाबालिग लड़कियां बरामद

सीवान, 23 जून (हि.स.)।

जिले में नौतन थाना क्षेत्र के बांका मोड़ और गंगा मोड़ स्थित आर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों पर महिला पुलिस की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मंगलवार को 20 नाबालिग लड़कियों को बरामद किया है।

बरामद सभी लड़कियों को आवश्यक प्रक्रिया के लिए सिवान ले जाया गया है। कार्रवाई के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार महिला थाना, एनजीओ प्रतिनिधियों तथा मानवाधिकार से जुड़े अधिकारियों की संयुक्त टीम ने मंगलवार को नौतन थाना क्षेत्र में छापेमारी अभियान चलाया।

इस दौरान विभिन्न आर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों की जांच की गई, जहां से 20 नाबालिग लड़कियां बरामद की गईं। नौतन थानाध्यक्ष जीत मोहन कुमार ने बताया कि यह कार्रवाई महिला थाना की अगुवाई में की गई है।

मामले की विस्तृत जानकारी और कानूनी कार्रवाई के संबंध में महिला थाना द्वारा ही आधिकारिक जानकारी दी जाएगी। सूत्रों के अनुसार छापेमारी के दौरान कई आर्केस्ट्रा संचालकों के ठिकानों की जांच की गई। बरामद लड़कियों की उम्र, पहचान और वहां रहने के कारणों की जांच की जा रही है। संबंधित कानूनों के तहत आगे की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।

स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई का स्वागत किया है। उनका कहना है कि नौतन बाजार के उत्तर क्षेत्र, सोना चौक, भुलौनी मोड़, गंगा मोड़ और बांका मोड़ समेत कई स्थानों पर लंबे समय से आर्केस्ट्रा संचालन की आड़ में संदिग्ध गतिविधियों की शिकायतें मिलती रही हैं। लोगों ने ऐसे मामलों पर लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार बरामद लड़कियों के परिजनों, संचालकों और संबंधित लोगों से पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर