मुरादाबाद, 15 मई (हि.स.)। मुरादाबाद जनपद में 849 मदरसों को मान्यता है, लेकिन यू-डायस पोर्टल पर 636 ही पंजीकृत हैं। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी तूलिका शर्मा का कहना है कि बिना पंजीकरण के इन मदरसों में अध्ययनरत 213 विद्यार्थियों को परीक्षा में बैठने नहीं दिया जाएगा।
जब यू-डायस पोर्टल पर शैक्षिक संस्थाओं के पंजीकरण के निर्देश दिए गए थे तो मुरादाबाद में लगभग 1100 मदरसों को यू-डायस कोड दिया गया था। लेकिन पोर्टल पर नामांकन दर्ज न करना व अन्य गतिविधियों को अपडेट नहीं करने की वजह से लगभग चार सौ मदरसों के कोड बंद हो गए और वर्तमान में अब जिले में 636 मदरसे ही पोर्टल पर पंजीकृत हैं। इस वर्ष से सभी मदरसों का यू-डायस पोर्टल पर पंजीकरण और वार्षिक डेटा अपडेशन अनिवार्य कर दिया गया है।
--23 मदरसों में एक-एक नामांकन
वहीं जनपद में 360 ऐसे मदरसे हैं, जिनमें शून्य नामांकन है। 23 ऐसे मदरसे थे जिनमें सिर्फ एक-एक नामांकन था। दस तक नामांकन करने वाले 72 मदरसा हैं। सबसे अधिक 20 मदरसा बिलारी में, शहर में 19, भगतपुर टांडा में 15 मदरसे हैं।

