यमुनानगर: प्रदेश की सभी 240 मंडियों में अटल किसान-मजदूर होंगी स्थापित: श्याम सिंह राणा
- Admin Admin
- Apr 08, 2025

यमुनानगर, 8 अप्रैल (हि.स.)। हरियाणा के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्याम सिंह राणा ने यमुनानगर जिला के क़स्बा रादौर और सरस्वती नगर की अनाज मंडियों में अटल किसान-मजदूर कैंटीनों का उद्घाटन किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हरियाणा की सभी 240 मंडियों में ऐसी कैंटीनें स्थापित की जाएंगी।
मंगलवार को इस अवसर पर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने कहा कि राज्य सरकार की इस पहल का उद्देश्य न केवल किसानों और मजदूरों को सस्ती दरों पर शुद्ध भोजन उपलब्ध कराना है, बल्कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना भी है। ये कैंटीनें महिला स्व-सहायता समूहों द्वारा संचालित की जा रही हैं।
उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि कैंटीन में दाल, सब्ज़ी, चार रोटियां और चावल मात्र 10 रुपये में उपलब्ध होंगे। यह सेवा प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक जारी रहेगी, जिसमें एक समय में 50 से 60 लोगों को भोजन कराया जा सकेगा। कृषि मंत्री ने स्वयं इस कैंटीन में बना भोजन का स्वाद चखा और महिला समूहों की मेहनत की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह केवल कैंटीन नहीं, बल्कि महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण श्रमिकों की गरिमा को बढ़ाने का एक प्रयास है। उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई बनाए रखने और ताजा भोजन परोसने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का सपना है कि राज्य का हर वर्ग चाहे किसान हो, मजदूर हो या जरूरतमंद सभी सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।
हिन्दुस्थान समाचार / अवतार सिंह चुग