24वीं अखिल भारतीय पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता 17 से 21 फरवरी तक भोपाल के बोट क्लब में
- Admin Admin
- Feb 15, 2025

भोपाल, 15 फरवरी (हि.स.)। अखिल भारतीय स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड, नई दिल्ली द्वारा इस वर्ष 24वीं अखिल भारतीय पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का आयोजन मध्य प्रदेश पुलिस की मेजबानी में 17 से 21 फरवरी, 2025 तक स्थानीय बोट क्लब बड़ा तालाब भोपाल में किया जा रहा है।
इस प्रतियोगिता में 22 राज्यों, केन्द्रशासित प्रदेशों तथा केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बलों के कुल 557 प्रतिभागी सहभागिता करेंगे। इनमें 123 महिला खिलाड़ी भी शामिल हैं। प्रतियोगिता में मेजबान मध्य प्रदेश पुलिस के अतिरिक्त असम, मणिपुर, बिहार, उत्तरप्रदेश, उत्तराखण्ड, राजस्थान, तमिलनाडू, तेलंगाना, पंजाब, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, जम्मू एण्ड कश्मीर, ओडिशा, केरल, सी.आर.पी.एफ., एस.एस.बी., बी.एस.एफ., असम राईफल्स, आई.टी.बी.पी., अण्डमान एवं निकोबार एवं चण्डीगढ की कुल 22 टीमें भाग लेंगी।
जनसम्मपर्क अधिकारी आशीष शर्मा ने शनिवार को बताया कि प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा 17 फरवरी को बोट क्लब बड़ी झील पर किया जाएगा। इस प्रतियोगिता के सुगम संचालन के लिए खेल एवं युवा कल्याण विभाग का भी व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा पुलिस वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता के इतिहास में प्रथम बार अंतरराष्ट्रीय स्तर की कार्बन फाइबर की समस्त बोट्स में प्रतियोगिता संपादित कराई जा रही है। पूर्व में वर्ष 2005, 2007, 2013, 2017 एवं 2019 में भी मध्य प्रदेश पुलिस द्वारा इन प्रतियोगिताओं की मेजबानी की गई है। वर्ष 2002 में ऑल इन्डिया पुलिस स्पोर्ट्स कन्ट्रोल बोर्ड द्वारा पुलिस खेलों में वॉटर स्पोर्ट्स को सम्मिलित किया गया, जिसमें मध्य प्रदेश पुलिस के द्वारा अभूतपूर्व प्रदर्शन करते हुए 12 स्वर्ण, 3 रजत तथा 6 कांस्य पदक अर्जित किये गये।
मध्य प्रदेश पुलिस की अखिल भारतीय पुलिस खेल स्पर्धाओं में मेजबानी तथा वॉटर स्पोर्ट्स प्रतियोगिता का गौरवशाली इतिहास रहा है। इसी परम्परा को कायम रखते हुए प्रतियोगिता के लिए आने वाली टीमों को समस्त मूलभूत सुविधाओं से परिपूर्ण आवासीय स्थलों पर रुकने की व्यवस्था की गई है, साथ ही भारतीय क्याकिंग एवं केनोइंग एसोसिएशन तथा रोइंग फेडरेशन ऑफ इण्डिया द्वारा अपने उच्च स्तरीय राष्ट्रीय अम्पायरों तथा ऑफिशियल्स की उपलब्धता सुनिश्चित की है, ताकि प्रतियोगिता को परम्परा अनुसार भव्यता प्रदान की जा सके।
प्रतियोगिता में राष्ट्रीय और अन्तरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के स्तर के अनुरूप फोटो फिनिश कैमरा तथा आधुनिकतम तकनीकी का भी उपयोग किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों को उनकी प्रतिभा प्रदर्शन का भरपूर अवसर प्राप्त हो सके और किसी भी प्रकार की विरोधाभास परिस्थितियों का सुविधापूर्वक समाधान किया जा सके। प्रतियोगिता में डोपिंग आदि से बचाव के लिए भी नेशनल एन्टी डोपिंग एसोसिएशन का भी सहयोग प्राप्त किया जा रहा है।
पांच दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में केनोइंग, क्याकिंग तथा रोइंग की कुल 27 स्पर्धाऐं होंगी, जिसमें कुल 360 पदकों (पुरुष वर्ग में 60 स्वर्ण, 60 रजत तथा 60 कांस्य तथा महिला वर्ग में 60 स्वर्ण, 60 रजत तथा 60 कांस्य) के लिए विभिन्न राज्यों और अर्द्धसैनिक बलों की टीमें अपना जौहर दिखाएंगी। इस दौरान 20 फरवरी को समस्त प्रतियोगियों एवं टीम मैनेजरों के लिए पुलिस परम्परा अनुसार बड़ाखाना एवं सांस्कृतिक संध्या का आयोजन भी स्थानीय लाल परेड मैदान में किया जाएगा, जिससे प्रतियोगिता में अन्य राज्यों से आये पुलिस बल को आपसी समन्वय, टीम भावना के साथ मनोरंजन का पर्याप्त अवसर प्राप्त हो। प्रतियोगिता को भव्य तथा आकर्षक बनाने के लिए मध्य प्रदेश पुलिस के मुखिया (पुलिस महानिदेशक) कैलाश मकवाना सतत रूप से मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन प्रदान कर रहे हैं।
प्रतियोगिता के संरक्षक पुलिस महानिदेशक कैलाश मकवाना तथा मुख्य आयोजन समिति के अध्यक्ष विशेष पुलिस महानिदेशक विजय कटारिया, डायरेक्टर स्पोर्टस रविकुमार गुप्ता, आयोजक सचिव पुलिस महानिरीक्षक कृष्णावेणी देसावतु विसबल, मध्यक्षेत्र एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों की अध्यक्षता में गठित विभिन्न समितियों द्वारा इस प्रतियोगिता को संपादित कराया जाना है।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर