गुवाहाटी में 26 दुर्लभ टोकाय गेको बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

गुवाहाटी, 23 मई (हि.स.)। असम पुलिस ने वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गुवाहाटी में बीती देर रात अभियान चलाकर 26 दुर्लभ एवं संकटग्रस्त टोकाय गेको (छिपकली) बरामद किए तथा इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया।

पुलिस द्वारा आज दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, विशेष सूचना के आधार पर बशिष्ठ इलाके के समीप यह अभियान चलाया गया। आरोपित इन दुर्लभ जीवों को अंतरराज्यीय बस टर्मिनल (आईएसबीटी) की ओर ले जा रहे थे, जहां से इन्हें राज्य के बाहर तस्करी कर भेजने की योजना थी।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि तस्कर इन टोकाय गेको को कार्बी आंगलोंग से मोटरसाइकिल के जरिए लेकर आए थे। कार्बी आंगलोंग को पूर्वोत्तर में वन्यजीव तस्करी का एक प्रमुख ट्रांजिट रूट माना जाता है।

असम पुलिस ने इस बरामदगी को वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता बताया है। अंतरराष्ट्रीय अवैध बाजार में टोकाय गेको की भारी मांग होने के कारण तस्कर लगातार इन दुर्लभ जीवों की तस्करी करने की कोशिश करते हैं।

पुलिस अब इस तस्करी गिरोह से जुड़े बड़े नेटवर्क और इसके अंतरराज्यीय संबंधों की जांच में जुटी हुई है।

-----------

   

सम्बंधित खबर