महिला की मौत पर परिवार वालों ने डॉक्टरों की लापरवाही को बताया जिम्मेदार
- DSS Admin
- May 19, 2026
जम्मू, 19 मई (हि.स.)। गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज (जीएमसी) अस्पताल बक्शी नगर में 33 वर्षीय महिला की मौत पर परिवार वालों ने डॉक्टरों की लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया। मृतका की पहचान नीश देवी पत्नी रवि कुमार के रूप में हुई है।
मृतका के पति रवि कुमार ने बताया कि उसकी पत्नी नीशू देवी को हार्ट की दिक्कत हो रही थी, जिसके चलते उन्होंने कल उसे अस्पताल भर्ती करवाया, लेकिन उसकी बीमारी की ओर कोई गौर नहीं किया गया। आज सुबह उसके नाक में पाइप डाल दी और कोई भी बड़ा डॉक्टर उसकी पत्नी को देखने नहीं आया। इलाज में लापरवाही के चलते आज सुबह नीशू की मौत हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाते हुए कहा कि अस्पताल प्रशासन शव ले जाने के लिए उन्हें एंबुलेंस नहीं दे रहा है। प्रशासन का कहना है कि उनके पास कोई गाड़ी नहीं है। मृतका के पति ने कहा कि वह दिहाड़ी लगाता है और गरीब परिवार से है। उनके पास गाड़ी करके ले जाने के पैसे तक नहीं बचे। उधार पैसे लेकर पत्नी का इलाज करवा रहे थे, लेकिन उसकी भी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि अगर कोई गरीब आदमी अस्पताल में मर जाता है और उसके पास पैसे नहीं है तो क्या उसकी लाश घर नहीं पहुंचेगी।
---------------

