चेकिंग अभियान 5 डंपरों का चालान, 6 ओवरलोड वाहन सीज, तीन लाख का जुर्माना
- DSS Admin
- May 17, 2026
मुरादाबाद, 17 मई (हि.स.)। जिलाधिकारी डॉ. राजेन्द्र पैंसिया के निर्देशों के अनुपालन में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) मुरादाबाद आनंद निर्मल के नेतृत्व में रविवार को दिल्ली रोड और ठाकुरद्वारा रोड पर ओवर स्पीड डंपरों के विरुद्ध अभियान चलाया गया।
इस दौरान प्रभावी प्रवर्तन की कार्यवाही करते हुए 05 डंपरों का ओवरस्पीड में चालान किए गए। 06 अन्य ओवरलोड वाहनों को भी संभागीय परिवहन कार्यालय मुरादाबाद तथा थाना पाकबड़ा मुरादाबाद में निरुद्ध किया गया तथा उन पर करीब 03 लाख रुपए का जुर्माना लगाया गया।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) आनंद निर्मल ने वाहन चालकों विशेष रूप से डंपर चालकों से अपील की है कि वह निर्धारित गति सीमा में ही अपने वाहनों का संचालन करें जिससे कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशानुसार प्रभावी प्रवर्तन हेतु अभियान निरंतर जारी रहेगा।

