ग्रीन सिटी परियोजना में आर्थिक हेराफेरी, तीन गिरफ्तार

हुगली, 27 मई (हि.स.)। आरामबाग में ग्रीन सिटी परियोजना में आर्थिक अनियमितता और वित्तीय धोखाधड़ी के आरोप में बुधवार को पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस घटना को लेकर राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में हलचल मच गई है।

जानकारी के अनुसार, समीर भंडारी ने गत चार मई को आरामबाग थाने में स्वपन नंदी समेत कई लोगों के खिलाफ ग्रीन सिटी परियोजना की राशि के इस्तेमाल में अनियमितता और धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और दस्तावेजों की जांच कर विभिन्न जानकारियां जुटाईं।

जांच के आधार पर बुधवार को पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों के नाम मानस कुंडू स्वरभानु घोष और कौस्तव मुखोपाध्याय बताए गए हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, गिरफ्तार लोगों में एक ठेकेदार, एक इलेक्ट्रिक सुपरवाइजर और आरामबाग नगरपालिका के एक पूर्व इंजीनियर शामिल हैं।

पुलिस आरोपितों से पूछताछ कर रही है और यह भी जांच की जा रही है कि इस वित्तीय अनियमितता में अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। जांच के हित में कई दस्तावेज और वित्तीय लेनदेन से जुड़े रिकॉर्ड जुटाए गए हैं।

वहीं, नगरपालिका चेयरमैन समीर भंडारी ने कहा कि जनता के पैसे के दुरुपयोग को किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए ही थाने में शिकायत दर्ज कराई गई थी और जांच के माध्यम से सच्चाई सामने आएगी।

इधर, गिरफ्तारी की इस घटना को लेकर पूरे आरामबाग क्षेत्र में चर्चा तेज हो गई है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जांच जारी है और जरूरत पड़ने पर आगे भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर