बहादुरगंज में 414 लीटर विदेशी शराब बरामद, तस्करों की कार जब्त
- DSS Admin
- Jun 23, 2026
किशनगंज, 23 जून (हि.स.)। बिहार में लागू पूर्ण शराबबंदी कानून के बावजूद अवैध शराब तस्करी के खिलाफ किशनगंज पुलिस का अभियान लगातार जारी है।
इसी क्रम में बहादुरगंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 414.12 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद की है। साथ ही शराब तस्करी में प्रयुक्त एक कार को भी जब्त किया गया है।
हालांकि वाहन चालक मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर जिले में शराब एवं अन्य मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए लगातार वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है।
इसी अभियान के तहत बहादुरगंज थाना की गश्ती टीम को गुप्त सूचना मिली कि पश्चिम बंगाल से एक कार के माध्यम से अवैध विदेशी शराब की बड़ी खेप अररिया की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम ने लोहागाड़ा के समीप वाहनों की सघन जांच शुरू की। इसी दौरान सिलीगुड़ी की ओर से तेज गति से आ रही एक संदिग्ध कार को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस का इशारा देखते ही चालक वाहन लेकर भागने लगा। इसके बाद पुलिस ने कार का पीछा किया। पीछा किए जाने के दौरान महादेवदिघी पुल के समीप भाग रही कार डिवाइडर से टकरा गई। दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली तो उसमें विभिन्न ब्रांड की पश्चिम बंगाल निर्मित कुल 414.12 लीटर अवैध विदेशी शराब बरामद हुई।बरामद शराब को जब्त करते हुए पुलिस ने कार (पंजीकरण संख्या WB02AA8225) को भी कब्जे में ले लिया। इस मामले में बहादुरगंज थाना कांड संख्या 384/26 दर्ज किया गया है। प्राथमिकी बिहार मद्यनिषेध एवं उत्पाद अधिनियम, 2022 की धारा 30(ए), 41 एवं 47 के तहत दर्ज की गई है। पुलिस फरार तस्करों की पहचान के लिए तकनीकी विश्लेषण कर रही है। साथ ही इस अवैध शराब खेप के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज की जांच भी की जा रही है।
पुलिस ने संकेत दिया है कि तस्करी से अर्जित अवैध संपत्ति का पता लगाकर उसे जब्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष सुनिल कुमार, पु.अ.नि. रंजीत कुमार भारती, राम बाबू चौधरी, राहुल कुमार सहित सशस्त्र बल, चालक सिपाही एवं चौकीदार शामिल थे।

