चाणक्यपुरी में अत्याधुनिक जिम का शिलान्यास, फिट इंडिया अभियान को मिलेगा बढ़ावा : चहल

नई दिल्ली, 06 जून (हि.स.)। नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने शनिवार को चाणक्यपुरी स्थित पालिका सर्विसेस ऑफिसर्स इंस्टिट्यूट (पीएसओआई) क्लब, नेहरू पार्क में एक अत्याधुनिक जिम के निर्माण का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि स्वस्थ और फिट नागरिक विकसित भारत के निर्माण की आधारशिला हैं।

शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए चहल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकसित भारत @2047 के संकल्प में शारीरिक फिटनेस की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया मूवमेंट, खेलो इंडिया और मिशन लाइफ जैसे अभियानों के माध्यम से देश में स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है। नया जिम इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना के तहत लगभग 252 वर्ग मीटर क्षेत्र में आधुनिक सुविधाओं से युक्त जिम विकसित किया जाएगा। परियोजना में भवन निर्माण, विद्युत एवं प्रकाश व्यवस्था, वातानुकूलन (एचवीएसी), विशेष फर्श, वाटरप्रूफिंग, दरवाजे-खिड़कियां और अन्य आवश्यक बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

चहल ने कहा कि जिम को आधुनिक डिजाइन और उच्च गुणवत्ता वाली निर्माण सामग्री के साथ तैयार किया जाएगा। इसमें व्यायाम के लिए पर्याप्त स्थान, फिटनेस गतिविधियों के अनुरूप विशेष फर्श, स्वागत कक्ष तथा उपयोगकर्ताओं के लिए आकर्षक और सुविधाजनक आंतरिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।

उन्होंने बताया कि लगभग दो करोड़ की अनुमानित लागत वाली इस परियोजना को छह माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। परियोजना पूरी होने के बाद पीएसओआई क्लब के सदस्यों को विश्वस्तरीय फिटनेस सुविधाएं और बेहतर व्यायाम वातावरण उपलब्ध होगा।

एनडीएमसी उपाध्यक्ष ने कहा कि जिम में ऊर्जा दक्ष प्रकाश व्यवस्था, उन्नत विद्युत प्रणाली, तापमान नियंत्रण और अन्य आधुनिक सुविधाएं स्थापित की जाएंगी, जिससे उपयोगकर्ताओं को वर्षभर सुरक्षित और आरामदायक वातावरण मिल सके।

उन्होंने विश्वास जताया कि यह नई फिटनेस सुविधा न केवल क्लब सदस्यों को लाभान्वित करेगी, बल्कि स्वास्थ्य, फिटनेस और सक्रिय जीवनशैली को बढ़ावा देने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह परियोजना फिट इंडिया अभियान और विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।--------------------

   

सम्बंधित खबर