45 वर्ष पूर्व लगाया गया भाजपा रूपी पौधा आज बना वृट वृक्ष : हरिओम शर्मा

मुरादाबाद, 08 अप्रैल (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी मुरादाबाद देहात विधानसभा का सक्रिय सदस्य सम्मेलन एमडीए स्थित रेड सैफायर बैंक्विट हॉल में हुआ। मुख्य अतिथि भाजपा पश्चिमी क्षेत्र के क्षेत्रीय महामंत्री हरिओम शर्मा ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय और श्यामा प्रसाद मुखर्जी द्वारा 45 वर्ष पूर्व लगाया गया भाजपा रूपी पौधा आज वृट वृक्ष के रूप में दुनिया भर में छाया हुआ है। हमारे सभी कार्यकर्ता पार्टी की रीढ़ हैं, कार्यकर्ताओं की बदौलत आज भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी है।

भाजपा महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला ने कहा कि पार्टी के सभी कार्यकर्ता सक्रिय रूप से जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं और सुरक्षा, सुशासन, विकास के एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं। इसकी स्थापना वर्ष 1980 में तत्कालीन भारतीय जनसंघ के पदाधिकारियों द्वारा की गई थी। भाजपा ने 1984 में लड़े गए पहले आम चुनाव में केवल दो लोकसभा सीटें जीती थीं। 2014, 2019 व 2024 में पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा को ऐतिहासिक बहुमत मिला, तब से हमारी पार्टी सत्ता के केंद्र में है।

मुरादाबाद देहात विधानसभा से पूर्व प्रत्याशी डॉ केके मिश्रा ने कहा कि वर्ष 2014 में केंद्र में भाजपा की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की सत्ता संभाली है। तब से देश में आतंकवाद का नामोनिशान मिट गया, महंगाई पर काबू पाया गया, पूरे देश में विकास की गंगा बहने लगी, महिलाओं का सम्मान बढ़ने लगा, युवाओं को रोजगार मिलने लगा। पूर्व महानगर अध्यक्ष धमेंद्र नाथ मिश्रा ने कहा कि भारत देश को दुनिया के पटल पर चमकाने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया है। कार्यक्रम की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष गिरीश भंडूला एवं संचालन महानगर उपाध्यक्ष राहुल शर्मा ने किया।

सक्रिय सदस्य सम्मेलन में भाजपा युवा मोर्चा राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य राजू कालरा, महानगर महामंत्री नत्थूराम कश्यप, कार्यक्रम संयोजक राहुल शर्मा, कार्यक्रम सहसंयोजक अजय वर्मा, ब्लॉक प्रमुख संतोष सिंह, मंडल अध्यक्ष विपिन प्रजापति, क्षेत्रीय मीडिया सह प्रभारी निमिष जायसवाल, महानगर मीडिया प्रभारी राजीव गुप्ता, राजेश रस्तोगी, अतुल सोती एडवोकेट, विशाल त्यागी, दिनेश सिसोदिया, पार्षद दल के उपनेता सुरेंद्र बिश्नोई आदि उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

   

सम्बंधित खबर