जिले में 52 पुलिस पदाधिकारियों का तबादला, कई थानों को मिले नए अपर थानाध्यक्ष

किशनगंज, 23 जून (हि.स.)। जिले में विधि-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा अपराध नियंत्रण एवं अनुसंधान कार्यों में तेजी लाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बड़े पैमाने पर पुलिस पदाधिकारियों और कर्मियों का तबादला किया है।

जारी आदेश के तहत कुल 52 पुलिस पदाधिकारियों एवं कर्मियों को विभिन्न थानों, अनुसंधान इकाइयों और शाखाओं में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। तबादला सूची में कई थानों के अपर थानाध्यक्ष, अनुसंधान पदाधिकारी, थाना लेखक, मालखाना प्रभारी, महिला हेल्प डेस्क प्रभारी तथा सीडब्ल्यूपीओ के पदों पर नई तैनाती की गई है। पुलिस अधीक्षक द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि प्रशासनिक आवश्यकता, बेहतर पुलिसिंग व्यवस्था तथा अपराध अनुसंधान कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से यह फेरबदल किया गया है।

जारी आदेश के अनुसार, पोठिया थाना में पदस्थापित अवर निरीक्षक महेश पूर्व को अपर थानाध्यक्ष बनाया गया है। वहीं महेश कुमार यादव को किशनगंज थाना का अपर थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार अरविंद कुमार शर्मा को कोचाधामन थाना, रंजीत कुमार भारती को बहादुरगंज थाना तथा पुष्पांजलि भारती को पहाड़कट्टा थाना में अपर थानाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इसके अलावा अवर निरीक्षक रामबाबू चौधरी को जियापोखर थाना, मनोज रविदास को सुखानी थाना, सुधीर कुमार को दिघलबैंक थाना तथा पवन कुमार को यातायात थाना में अपर थानाध्यक्ष के पद पर तैनात किया गया है। तबादला आदेश में कई पुलिस पदाधिकारियों को अतिरिक्त रूप से मालखाना प्रभारी, महिला हेल्प डेस्क प्रभारी, सीडब्ल्यूपीओ और थाना लेखक का दायित्व भी सौंपा गया है।

महिला पुलिस पदाधिकारियों में अवर निरीक्षक रूपम कुमारी, रूपा कुमारी, मनीषा कुमारी, पिंकी कुमारी, रूबी कुमारी, सुमन्ती कुमारी, अर्चना कुमारी एवं सुधा कुमारी समेत कई अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है। पुलिस महकमे में हुए इस व्यापक फेरबदल को जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने तथा पुलिसिंग व्यवस्था को प्रभावी करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों को शीघ्र नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।

   

सम्बंधित खबर