नई चुनौतियों के लिए तैयार होंगे 55 नए आरपीएस अधिकारी : डीजीपी

नई चुनौतियों के लिए तैयार होंगे 55 नए आरपीएस अधिकारी : डीजीपी

जयपुर, 06 जुलाई (हि.स.)। राजस्थान पुलिस अकादमी में सोमवार को राजस्थान पुलिस सेवा (आरपीएस) के 59वें बेसिक प्रशिक्षण बैच का शुभारंभ हुआ। 55 नवनियुक्त आरपीएस अधिकारियों के लिए 45 सप्ताह का आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। उद्घाटन सत्र में पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा ने प्रशिक्षणार्थियों से नई चुनौतियों के अनुरूप जनोन्मुख और तकनीक आधारित पुलिसिंग अपनाकर आमजन का विश्वास जीतने का आह्वान किया।

डीजीपी ने कहा कि पुलिस वर्दी केवल अधिकार नहीं, बल्कि संवेदनशीलता, निष्पक्षता, ईमानदारी, अनुशासन और जवाबदेही का प्रतीक है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से शारीरिक दक्षता, नेतृत्व क्षमता, नैतिक मूल्यों, मानवाधिकारों के सम्मान और टीम भावना विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण पुलिस अनुसंधान एवं विकास ब्यूरो (बीपीआरडी) के मॉडल सिलेबस पर आधारित होगा।

महानिदेशक (प्रशिक्षण) अनिल पालीवाल ने अधिकारियों से अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ प्रशिक्षण लेकर उत्कृष्ट पुलिस अधिकारी बनने का आह्वान किया। वहीं, राजस्थान पुलिस अकादमी के निदेशक संजीब कुमार नार्जारी ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य सक्षम, अनुशासित और जनोन्मुख पुलिस अधिकारी तैयार करना है। अतिरिक्त निदेशक शंकरदत्त शर्मा ने वर्दी के सम्मान और जनसेवा के प्रति समर्पण का संदेश दिया। समारोह में एडीजी (प्रशिक्षण) राघवेन्द्र सुहासा, इंटेलीजेंस ट्रेनिंग अकादमी के निदेशक प्रदीप मोहन शर्मा सहित अकादमी के प्रशिक्षक उपस्थित रहे।

---------------

   

सम्बंधित खबर