फतेहाबाद: रिटायरमेंट के 15 दिन बाद ही उजड़ गया ओमप्रकाश का परिवार
- Vijesh Sharma
- Jun 15, 2026

मुकाम धाम से लौट रहा परिवार हादसे का शिकारगांव में पसरा मातम
फतेहाबाद, 15 जून ।
बीकानेर के मुकाम धाम से दर्शन कर वापस लौट रहे फतेहाबाद के मताना गांव निवासी ओमप्रकाश सुधार के परिवार की कार भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। हादसे में ओमप्रकाश समेत परिवार के 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल है।
हादसे की सूचना मिलने के बाद गांव में मातम पसर गया है।
गांव के सरपंच दलबीर वर्मा के अनुसार, ओमप्रकाश सुधार 31 मई को ही फतेहाबाद के डीडीपीओ कार्यालय से सीनियर अकाउंटेंट पद से रिटायर हुए थे। रिटायरमेंट के महज 15 दिन बाद ही ये दर्दनाक हादसा हो गया। ओमप्रकाश अपने परिवार के साथ मताना गांव में भोडिया रोड पर बनी ढाणी में रहते थे।
हादसे में ओमप्रकाश सुधार, उनकी पत्नी सोरमा देवी (55), बेटी प्रमिला (30), दोहती यशवी (10), दूसरी दोहती खुशी (8) और पोते रोनित (4) की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल तीसरी दोहती तन्वी की हालत गंभीर बनी हुई है, जिसका इलाज चल रहा है।
बताया गया है कि ओमप्रकाश शनिवार दोपहर अपने परिवार के साथ मुकाम धाम के लिए रवाना हुए थे। कार ओमप्रकाश खुद ही ड्राइव कर रहे थे। देर रात मुकाम पहुंचने के बाद परिवार ने वहीं विश्राम किया। रविवार को दर्शन करने के बाद परिवार मुकाम से वापस फतेहाबाद के लिए रवाना हुआ था।
हादसे की सूचना मिलते ही मताना गांव में कोहराम मच गया। परिजन और रिश्तेदार तुरंत श्रीडूंगरपुर के लिए रवाना हो गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
एक साथ 6 मौतों से मताना गांव में मातम पसरा हुआ है। रिटायरमेंट के बाद पहली धार्मिक यात्रा पर निकला परिवार काल का ग्रास बन गया। हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती आशंका ड्राइवर को झपकी आने या तेज रफ्तार की है।
---------------

