मेघालय से मिजोरम ले जाई जा रही 50 लाख रुपये की अवैध शराब खेप जब्त, एक गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
कछार (असम), 03 जून (हि.स.)। कछार जिले के धोलाई थाना अंतर्गत लैलापुर पुलिस चौकी क्षेत्र में पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 50 लाख रुपये मूल्य की भारतीय निर्मित विदेशी शराब (आईएमएफएल) की खेप जब्त की है। इस दौरान एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया।
विश्वसनीय सूचना के आधार पर पुलिस ने आज एक ट्रक (एएस-01-आरसी-2950)को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान वाहन से रॉयल स्टैग (आईएमएफएल) की कुल 140 कार्टून, जिनमें 1,680 बोतलें थीं, बरामद की गईं। बरामद शराब पर “फोर सेल इन मेघालय” अंकित था और इसे अवैध रूप से कछार जिले के रास्ते मिजोरम ले जाया जा रहा था।
अभियान के दौरान पुलिस ने अनवर हुसैन लस्कर (28) को मौके से गिरफ्तार किया। वह कछार जिले के सोनाई थाना क्षेत्र स्थित न्यू टाउन बाजार का निवासी है।
पुलिस ने जब्त शराब और वाहन को आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर अपने कब्जे में ले लिया है। मामले में संबंधित कानूनों के तहत आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार, जब्त की गई शराब की खेप की काला बाज़ार में अनुमानित मूल्य लगभग 50 लाख रुपये है।
----------

