घर में नौकरी कर उड़ाए 60 लाख के जेवर, तीन गिरफ्तार

कानपुर, 24 जून (हि.स.)। थाना स्वरूप नगर क्षेत्र में कारोबारी के घर से करीब 60 लाख रुपये के जेवर चोरी करने के मामले का पुलिस ने बुधवार को खुलासा करते हुए नौकरानी, उसके बॉयफ्रेंड और चोरी का माल खरीदने वाले एक सुनार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपितों के पास से चोरी गया शत-प्रतिशत माल बरामद कर लिया है।

पुलिस उपायुक्त मध्य अतुल श्रीवास्तव ने बुधवार को बताया कि स्वरूप नगर निवासी कारोबारी विकास शुक्ला ने 18 जून को घर से सोने-चांदी के जेवर चोरी होने की सूचना दी थी। मामले की जांच में जुटी स्वरूप नगर पुलिस और एसओजी टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और सर्विलांस की मदद से शातिरों की तलाश शुरू की। जांच के दौरान मुख्य आरोपितों की लोकेशन राजस्थान के माउंट आबू में मिली, जिसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर किशोरी और उसके बॉयफ्रेंड मो. यूनुस को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस जांच में सामने आया कि विकास शुक्ला ने अपने पालतू कुत्ते की देखभाल के लिए 16 जून को हंसपुरम निवासी किशोरी को नौकरी पर रखा था। आरोप है कि घर में काम शुरू करने के अगले ही दिन उसने सफाई के बहाने घर के पिछले हिस्से का गेट खुला छोड़ दिया। कारोबारी के घर से बाहर जाने के बाद उसने अपने बॉयफ्रेंड मो. यूनुस की मदद से घर में रखे सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए और फरार हो गई।

पूछताछ में पता चला कि किशोरी और मो. यूनुस पिछले काफी समय से एक-दूसरे के संपर्क में थे और बीते एक महीने से काकादेव क्षेत्र में साथ रह रहे थे। चोरी के बाद दोनों पहले लखनऊ गए, फिर दिल्ली, अजमेर शरीफ और बाद में माउंट आबू पहुंच गए। पुलिस लगातार उनकी लोकेशन ट्रेस कर रही थी।

जांच के दौरान यह भी सामने आया कि चोरी के जेवरों में शामिल करीब छह लाख रुपये कीमत का एक सोने का ब्रेसलेट मो. यूनुस ने अपने परिचित आवास विकास कॉलोनी निवासी मो. महताब को मात्र दो लाख रुपये में बेच दिया था। जानकारी मिलने पर पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया।

आगे उन्होंने बताया कि आरोपितों के कब्जे से सोने का कड़ा, सोने के बिस्कुट, गले का हार, कान के टॉप्स, टूटे हुए सोने के आभूषण, 24 हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस का दावा है कि चोरी गया पूरा माल बरामद कर लिया गया है। तीनों शातिरों को न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है, जबकि उनके आपराधिक इतिहास और अन्य संभावित वारदातों में संलिप्तता की जांच जारी है।-----------

   

सम्बंधित खबर