काेरबा : ड्यूटी के दौरान क्रेन ऑपरेटर की हार्ट अटैक से मौत, परिजनों ने मांगा 10 लाख मुआवजा
- DSS Admin
- May 22, 2026
काेरबा 22 मई (हि.स.)। जिले में कार्यरत एक निजी कंपनी के क्रेन ऑपरेटर की ड्यूटी के दौरान तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। मृतक की पहचान झारखंड के पलामू जिले के गोराडीह मोहम्मदगंज निवासी राहुल सिंह (38 वर्ष) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिजनों ने कंपनी प्रबंधन से 10 लाख रुपये मुआवजा, अनुकंपा नियुक्ति और अन्य राहत देने की मांग की है।
जानकारी के अनुसार राहुल सिंह भारत एल्यूमिनियम कंपनी (बालको) के अधीन कार्यरत पॉवरमेक कंपनी में लंबे समय से क्रेन ऑपरेटर के रूप में सेवाएं दे रहे थे। गुरुवार को वह रोज की तरह ड्यूटी पर पहुंचे थे। काम के दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। उन्होंने सीने में दर्द और बेचैनी की शिकायत सहयोगियों से की, जिसके बाद उन्हें तत्काल कोरबा के एक निजी अस्पताल ले जाया गया। प्रारंभिक जांच में डॉक्टरों ने हार्टअटैक की पुष्टि की। उपचार के दौरान कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई।
मृत्यु की खबर मिलते ही परिजनों और परिचितों में शोक व्याप्त हो गया। परिजनों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन पर्याप्त सहायता देने से बच रहा है। उनका कहना है कि कंपनी केवल तीन लाख रुपये तक की सहायता देने की बात कर रही है, जबकि परिवार ने 10 लाख रुपये मुआवजा और मृतक की पत्नी को अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग की है।
बताया जा रहा है कि कंपनी प्रबंधन ने मृतक का शव अपने खर्च पर उनके गृहग्राम भेजने की व्यवस्था की है, लेकिन अन्य मांगों पर अभी तक कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि राहुल की तबीयत बिगड़ने के बाद पहले उन्हें घर भेजने की बात कही गई थी, लेकिन बाद में अस्पताल पहुंचाया गया।
राहुल सिंह अपने पीछे पत्नी और दो बच्चों को छोड़ गए हैं। इनमें एक बच्चा दिव्यांग बताया जा रहा है। ऐसे में परिवार के सामने आर्थिक और सामाजिक संकट गहरा गया है। परिजनों ने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर उचित सहायता दिलाने की मांग की है।
---------------

