मुख्यमंत्री, रेल मंत्री एवं केंद्रीय वन मंत्री ने 111 करोड़ रूपये की लागत से अलवर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य का किया शिलान्यास

अलवर. शिलान्यास करते केंद्रीय मंत्री।अलवर. कार्यक्रम में मौजूद सीएम और केंद्रीय मंत्री।

अलवर, 15 मई (हि.स.)। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय रेल, सूचना एवं प्रसारण और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री अश्विनी वैष्णव एवं केंद्रीय वन मंत्री भूपेंद्र यादव ने शुक्रवार को अलवर रेलवे स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़कर अलवर संसदीय क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से करीब साढ़े 400 करोड़ रूपये के विकास परियोजनाओं का रिमोट का बटन दबाकर उद्घाटन व शिलान्यास तथा अलवर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास के लिए 111 करोड़ रूपये की राशि के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इस दौरान वन राज्यमंत्री संजय शर्मा एवं उत्तर-पश्चिम रेलवे मंडल के महाप्रबंधक अमिताभ बतौर अतिथि मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहित करने के लिए हर क्षेत्र में प्रतिबद्ध होकर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश को रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) द्वारा हरियाणा के रास्ते दिल्ली से जोड़ने की परियोजना पर कार्य किया जा रहा है। वहीं, यमुना जल समझौते के तीव्र क्रियान्वयन के साथ ही, सरकार अलवर के निकट बांदीकुई में एक बड़ेे इण्डस्ट्रीयल एरिया की स्थापना भी करने जा रही है। उन्होंने भिवाड़ी में सेमीकंडक्टर क्लस्टर का जिक्र करते हुए इसे महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।

केंद्रीय रेल एवं इलेक्ट्रॉनिक्स मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अलवरवासियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 111 करोड़ रूपये की लागत से अत्याधुनिक एवं राजस्थान के कल्चर एवं स्थापत्य कला को समाहित करते हुए रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान के रेल इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती प्रदान करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 10 हजार 228 करोड़ रूपये का बजट रेलवे को दिया है।

उन्होंने कहा कि अमृत योजना के तहत 85 रेलवे स्टेशन चिन्हित किए गए हैं, जिनमें से 15 स्टेशनों का काम पूर्ण हो चुका है। पांच वंदे भारत व एक अमृत भारत रेल गाडी राजस्थान में चल रही है। उन्होंने कहा कि सेमीकंडक्टर्स एक महत्वपूर्ण इंडस्ट्री है। आज भारत में 12 सेमीकंडक्टर प्लांट हो गये हैं और विभिन्न उपकरणों की चिप्स का निर्माण हो रहा है। राजस्थान का नाम भी इस इंडस्ट्री से जुड़ गया है।

केंद्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने अपने संबोधन में कहा कि संसदीय क्षेत्रा अलवर का सर्वांगीण विकास पहली प्राथमिकता है तथा चहुंमुखी विकास और अच्छी सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से आमजन को अलवर में बेहतर कनेक्टिविटी, सुरक्षित यात्रा, मजबूत आधारभूत संरचना की दिशा में निरन्तर काम किया जा रहा है।

उन्होंने अलवर संसदीय क्षेत्र के सभी निवासियों को साढ़े 400 करोड़ रूपये से अधिक के विकास कार्यों की मिली सौगात के लिए बधाई देते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का आभार जताते हुए कहा कि अलवर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास से स्टेशन का सुन्दर स्वरूप निखरने के साथ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेगी। उन्होंने कहा कि रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अलवर में 3 रेलवे स्टेशन राजगढ, गोविन्दगढ एवं खैरथल का पुनर्विकास कार्य कर सौगात देने के साथ-साथ यहां 8 ट्रेनों का ठहराव भी शुरू कराया है। साथ ही 7 नई ट्रेनों के ठहराव के प्रस्ताव भी दिए गए है। उन्होंने आशा जताई की यह सुविधा भी यथाशीघ्र अलवरवासियों को मिलेगी।

केन्द्रीय वन मंत्री भूपेन्द्र यादव ने कहा कि भिवाड़ी में 61 करोड़ रूपये के 34 एलएलडी के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट का लोकार्पण किया गया है। वहीं, 52 करोड़ रूपये से अधिक की लागत के 34 एमएलडी एसटीपी ट्रीटेड वाटर लाइन का शिलान्यास किया गया है। यह जल भराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि देश के नक्शे पर भिवाड़ी को मैन्युफैक्चरिंग हब बनाने के लिए हम संकल्पित हैं। भिवाड़ी को ऑटोमोबाईल के साथ-साथ सेमीकंडक्टर्स और इलेक्ट्रोनिक्स मैन्युफैक्चरिंग के क्षेत्र में तेजी से आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने आरआरटीएस और यमुना जल समझौते की तीव्र प्रगति के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि भिवाडी के इंफ्रांस्ट्रक्चर को मजबूती प्रदान करने के उद्देश्य से नीमराना-भिवाडी लिंक, केएमपी से जोडने, भिवाडी को टपूकडा से जोडने का काम किया जा रहा है। इसी प्रकार आरआरटीएस के कार्य को बहरोड़ तक लाकर अगले चरण में अलवर तक लाए जाने पर कार्य चल रहा है। उन्होंने कहा कि रामगढ में मूर्तिकारों को आगे बढाने हेतु विश्वास दिलाया।

उल्लेखनीय है कि अलवर रेलवे स्टेशन पर 111 करोड़ रूपये के पुनर्विकास कार्यों के तहत अत्याधुनिक एवं राजस्थान के कल्चर एवं स्थापत्य कला को समाहित करते हुए सुविधाओं का विकास किया जाएगा, जिसमें एक अतिरिक्त हाई लेवल प्लेटफार्म, 2 फुट ओवर ब्रिज, 9 आधुनिक लिफ्ट्स, निजी वाहन एवं टैक्सी के लिए ड्रॉप एवं पिकअप जोन, सुव्यवस्थित आगम-प्रस्थान के लिए स्टेशन के दोनों तरफ सुगम प्रवेश एवं निकास द्वार, 4 हजार 500 वर्गमीटर क्षेत्रा में नई पार्किंग सुविधा, स्टेशन के बाहरी क्षेत्र में ट्रैफिक प्रबंधन के लिए कार्य, 1900 वर्गमीटर क्षेत्र को वाणिज्यिक गतिविधियों के लिए विकसित किया जाएगा। यह परियोजना अलवर को आधुनिक यात्री सुविधाओं के साथ-साथ पर्यटन एवं रोजगार के लिए सशक्त केंद्र रूप में स्थापित करेगी।

अतिथियों द्वारा अलवर संसदीय क्षेत्र के विकास को गति देने के उद्देश्य से सिविल सहित रेलवे के करीब साढे 400 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का शिलान्यास एवं उद्घाटन किया गया, जिसमें अलवर रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं में वृद्धि करने के उद्देश्य से अलवर रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास हेतु 111 करोड़ रूपये की राशि के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। इसी प्रकार भिवाड़ी में 61 करोड़ रूपये की लागत के 34 एमएलडी सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का लोकार्पण किया गया, जिससे शहर में सिवरेज एवं स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ होगी एवं भिवाडी में जल भराव समस्या के समाधान में मदद मिलेगी। भिवाडी से 52.39 करोड रूपये की 34 एमएलडी एसटीपी ट्रीटेड वाटर लाईन का शिलान्यास किया गया। इसी प्रकार होंडा कम्पनी के द्वारा सीएसआर के तहत 30 करोड रूपये की लागत से निर्मित राजकीय बालिका महाविद्यालय टपूकडा का लोकार्पण किया गया है। जिससे आस-पास के ग्रामीण परिवेश की बालिकाओं को उच्च शिक्षा मिल सकेगी।

इस अवसर पर जिला प्रमुख बलबीर सिंह छिल्लर, तिजारा विधायक महन्त बालकनाथ, रामगढ विधायक सुखवंत सिंह, डेयरी चेयरमैन नितिन संगवान, उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक अमिताभ, डीआरएम रवि जैन, जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला, जिला कलक्टर खैरथल-तिजारा अतुल प्रकाश, पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी, जिला अध्यक्ष अशोक गुप्ता व महासिंह चौधरी, पूर्व विधायक जयराम जाटव व रामहेत यादव, पं. धर्मवीर शर्मा, संजय नरूका सहित आमजन उपस्थित थे।

---------------

   

सम्बंधित खबर