संघ शिक्षार्थियों का भव्य पथ संचलन का आयोजन

गाजियाबाद, 16 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद गाजियाबाद में संघ शिक्षार्थियों का भव्य पथ संचलन का आयोजन किया गया। राष्ट्रभक्ति और कड़े अनुशासन के अनूठे दृश्य से महानगर सराबोर हो गया। मंगलवार काे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) मेरठ प्रांत द्वारा आयोजित 21 दिवसीय संघ शिक्षा वर्ग (सामान्य) के अंतर्गत नेहरु नगर गाजियाबाद की सड़कों पर एक अत्यंत भव्य और अनुशासित 'पथ संचलन' निकाला गया। कदम-से-कदम मिलाकर चलते अनुशासित स्वयंसेवकों और गूंजती घोष (बैंड) की सुमधुर ध्वनियों ने पूरे महानगर को राष्ट्रभक्ति के अनूठे रंग में सराबोर कर दिया।

इस पथ संचलन को देखने के लिए गाजियाबाद के विभिन्न चौराहों और मार्गों पर हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिक, मातृशक्ति और प्रबुद्ध जन एकत्रित हुए। संचलन के स्वागत में समाज द्वारा जगह-जगह पुष्पवर्षा की गई तथा भारत माता के जयकारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के ये वर्ग केवल शारीरिक अभ्यास के केंद्र नहीं हैं, बल्कि यह 21 दिनों का एक ऐसा गहन चिंतन और साधना सत्र है जहां राष्ट्र निर्माण के लिए व्यक्तित्व गढ़ा जाता है। ज्येष्ठ कृष्ण षष्ठी (6 जून 2026) से प्रारंभ हुए इस वर्ग में स्वयंसेवकों को अनुशासन, समयबद्धता, सामूहिक जीवन, सेवा भाव, चरित्र निर्माण और वैचारिक प्रखरता का कठोर प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

संघ के विभाग प्रचारक प्रमुख अखिलेश ने बताया कि 21 दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग के सफलतापूर्वक पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आगामी 21 जून 2026 (रविवार) सायं 5:30 बजे एक विशाल एवं सार्वजनिक प्रकट समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह विशेष आयोजन वीवीआईपी नेहरू स्टेडियम, नेहरू नगर (यशोदा हॉस्पिटल के सामने), गाजियाबाद मे किया जाएगा।इसमे मुख्य आकर्षण शिक्षार्थी स्वयंसेवकों द्वारा शिविर के दौरान सीखे गए विभिन्न शारीरिक कौशल, समता, योग और व्यूह रचना का हैरतअंगेज सार्वजनिक प्रदर्शन होगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर