पेड़ से गिरकर युवक की मौत, लकड़ी काटने के दौरान हुआ हादसा

देवरिया, 13 मई (हि.स.)। महुआडीह थाना क्षेत्र के जीगनी बाजार में बुधवार को एक दर्दनाक हादसे में युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक पेड़ पर चढ़कर लकड़ी काट रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह नीचे गिर पड़ा। गंभीर रूप से घायल युवक को आसपास के लोगों ने उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान धर्मेन्द्र चौरसिया (40) पुत्र छेदी चौरसिया निवासी जीगनी बाजार के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

स्थानीय लोगों के अनुसार धर्मेन्द्र रोजमर्रा की तरह पेड़ की लकड़ी काटने का काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पैर फिसलने से वह ऊंचाई से नीचे गिर पड़े। सिर और शरीर में गंभीर चोट लगने के कारण उनकी मौके पर ही हालत गंभीर हो गई।

थाना प्रभारी रामाशीष राय ने बताया कि सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

   

सम्बंधित खबर