कोरबा : मजदूरों से भरी पिकअप पलटकर पेड़ से टकराई, नौ घायल, तीन की हालत गंभीर
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
कोरबा, 05 जुलाई (हि. स.)। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में रविवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। रजगामार चौकी क्षेत्र में मजदूरों से भरी एक पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई और पेड़ से जा टकराई। हादसे के समय वाहन में 12 से अधिक मजदूर सवार थे। दुर्घटना में 9 मजदूर घायल हो गए, जिनमें तीन महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कुछ मजदूर वाहन के नीचे दब गए थे, जिन्हें राहगीरों और ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, रजगामार के दरगा गांव के मजदूर रोज की तरह गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्टरी में काम करने के लिए पिकअप वाहन से जा रहे थे। बताया जा रहा है कि वाहन चालक तेज रफ्तार में गाड़ी चला रहा था और यातायात नियमों की अनदेखी कर रहा था। इसी दौरान रजगामार चौकी के बनखेता गांव के पास चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। पिकअप सड़क किनारे पलटते हुए एक पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।
हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। वाहन के नीचे दबे मजदूर मदद के लिए आवाज लगा रहे थे। आसपास से गुजर रहे राहगीर और स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और वाहन को सीधा कर घायलों को बाहर निकाला। सूचना मिलते ही रजगामार चौकी पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची तथा सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
दुर्घटना में उर्मिला कंवर, अंजली कंवर और सरिता मांझी, निवासी दरगा, गंभीर रूप से घायल हुई हैं। इनके अलावा अन्य मजदूरों को भी चोटें आई हैं। घायल मजदूर सविता ने बताया कि सभी लोग सुबह मजदूरी के लिए पिकअप वाहन से फैक्ट्री जा रहे थे, तभी अचानक वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया और पेड़ से टकरा गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गोढ़ी स्थित कार्बन फैक्टरी में आसपास के गांवों के बड़ी संख्या में ग्रामीण मजदूरी करते हैं। मजदूरों के आने-जाने की व्यवस्था ठेकेदार द्वारा पिकअप वाहनों से की जाती है। आरोप है कि इन वाहनों में क्षमता से अधिक मजदूरों को बैठाया जाता है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लखन पटले ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया और उनका हालचाल लिया गया। पुलिस ने वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और यातायात नियमों के उल्लंघन का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही फैक्टरी प्रबंधन और संबंधित ठेकेदारों को भी नोटिस जारी कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि पिकअप वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक मजदूरों को क्यों बैठाया गया था। हादसे के बाद क्षेत्र में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था और ठेकेदारों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।

