हिसार में ईडी की कार्रवाई के खिलाफ पारित किया निंदा प्रस्ताव
- Admin Admin
- Apr 17, 2025

सोनिया गांधी व राहुल गांधी के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई के खिलाफ जताया
रोष
हिसार, 17 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस पार्टी की पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया
गांधी, नेता प्रतिपक्ष व सांसद राहुल गांधी, इंडियन ओवरसिज कांग्रेस के अध्यक्ष सेम
पित्रोदा व सुमन दुबे के खिलाफ ईडी की दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई पर हरियाणा कांग्रेस
लीगल डिपार्टमेंट ने रोष जताया है। हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के पदाधिकारियों
व अन्य अधिवक्ताओं ने हिसार के कोर्ट कॉम्पलेक्स में बैठक करके ईडी की कार्रवाई के
खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित करके भाजपा की तानाशाही बंद करने का आह्वान किया।
हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के जिलाध्यक्ष रतन सिंह पानू की अध्यक्षता
में गुरुवार काे हुई बैठक में हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के प्रदेश अध्यक्ष एडवोकेट
लाल बहादुर खोवाल, एडवोकेट पवन तुंदवाल, एडवोकेट श्वेता शर्मा,बजरंग इंदल, एडवोकेट
ओमप्रकाश धरतवाल, सी. आर. वर्मा, सत्यवान जांगड़ा, विपिन लाडूना, विवेक भार्गव, गौरव
टूटेजा, शबनम, मीना तीजारिया, हिमांशु आर्य खोवाल, आशा बहलान, विपिन सलेमगढ़ सहित काफी
संख्या में एडवोकेट मौजूद रहे। इस दौरान हरियाणा कांग्रेस लीगल डिपार्टमेंट के अध्यक्ष
एडवोकेट लाल बहादुर खोवाल ने कहा कि भाजपा बदले की भावना से कांग्रेस नेताओं के खिलाफ
कार्रवाई कर रही है। सोनिया गांधी व राहुल गांधी के खिलाफ ईडी की कार्रवाई व चार्जशीट
दाखिल करना लोकतंत्र का गला घोंटने के समान है। उन्होंने कहा कि भाजपा अपने स्वार्थ
सिद्ध करने के लिए ओच्छी राजनीति पर उतर आई है। वैसे तो भाजपा कई वर्षों से उद्योगपतियों
व अन्य प्रभावशाली लोगों पर सरकारी एजेंसियों से दबाव बनाकर पार्टी के लिए फंड जुटा
रही है लेकिन अब कांग्रेस नेताओं के खिलाफ द्वेष की राजनीति करके उसने अपनी निम्न मानसिकता
का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि देखा जाए तो नेशनल हेराल्ड के बहाने मोदी सरकार
कांग्रेस पर राजनीतिक प्रहार कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर