आध्यात्म से जुड़कर व्यक्ति जीवन को सफल बना सकता है : नवीन कृष्ण महाराज
- Admin Admin
- Feb 07, 2025

धमतरी, 7 फ़रवरी (हि.स.)। नगरी ब्लाॅक के ग्राम चिखली में आयोजित श्रीमद भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ कथा में शुक्रवार काे पंडित नवीन कृष्ण महाराज ने कहा कि लोभ एवं मोह व्यक्ति का सबसे बड़ा शत्रु होता है। मानव जीवन के पतन का सबसे बड़ा कारण उसका लोभ और मोह होता है। इसके कारण जीव को अनेक जन्मों तक भटकना पड़ता है। सत्संग एवं ज्ञान से ही इससे मुक्ति संभव है। ज्ञान, वैराग्य और हरि से मिलने का मार्ग भगवान की कथा बताती है। श्रीमद भागवत पुस्तक नहीं, साक्षात श्रीकृष्ण स्वरूप है। आध्यात्म से जुड़कर व्यक्ति जीवन को सफल बना सकता है। भागवत के चार अक्षर के बारे में बताया कि भा से भक्ति, ग से ज्ञान, व से वैराग्य और त त्याग जो हमारे जीवन में प्रदान करे उसे हम भागवत कहते है। इसके एक-एक अक्षर में श्रीकृष्ण समाए हुए है। नवीन कृष्ण महाराज के भजनों को सुनकर श्रोतागण श्रीकृष्ण की भक्ति में झूम उठे। इस अवसर पर काफी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित थे। तीन फरवरी से लगातार जारी है। श्रीमद भागवत महापुराण ज्ञान यज्ञ कथा भागवत कथा 11 फरवरी तक चलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा



