जून माह के आखिरी सप्ताहांत पर नैनीताल में उमड़ी पर्यटकों की भीड़
- DSS Admin
- Jun 27, 2026

नैनीताल, 27 जून (हि.स.)। जून माह के आखिरी सप्ताहांत पर नैनीताल में 15 हजार से अधिक पर्यटकों के पहुंचने से नगर में यातायात व्यवस्था पर दबाव बढ़ गया। ढाई हजार से अधिक पर्यटक वाहनों के प्रवेश से दिनभर विभिन्न मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही, जबकि सभी पार्किंग स्थल पूरी तरह भर गये। भीड़ के कारण कई पर्यटकों को होटल भी नहीं मिल सके। सैलानियों के इतनी भारी संख्या में पहुंचने का कारण आगे स्कूलों का खुलना माना जा रहा है।
इधर नगर में शनिवार को मौसम साफ रहने और दोपहर में हल्की वर्षा होने से पर्यटकों की संख्या में और वृद्धि हुई। यातायात नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने हल्द्वानी मार्ग से आने वाले पर्यटक वाहनों को रूसी बाईपास तथा कालाढूंगी मार्ग से आने वाले वाहनों को नारायण नगर में रोककर शटल सेवा के माध्यम से नगर भेजा। इसके बावजूद माल रोड, बारापत्थर और अन्य प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति बनी रही।
पर्यटकों ने नैनीझील में नौकायन के साथ माल रोड, हिमालय दर्शन, प्राणी उद्यान, केव गार्डन और रोपवे का आनंद लिया। शनिवार को प्राणी उद्यान में 1,500 से अधिक, केव गार्डन में लगभग 850 तथा रोपवे से लगभग 750 पर्यटकों ने भ्रमण किया। पर्यटन कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठान व्यस्त रहे, जबकि कई पर्यटकों ने होटलों के किराये में मनमानी वसूली की शिकायत भी की। कुछ पर्यटकों ने आरोप लगाया कि एक दिन रुकने के बाद होटलों ने कमरे का किराया बढ़ा दिया, जिस पर उन्होंने कमरा छोड़ दिया। वहीं कुछ ने होटलों के द्वारा पहले से बुकिंग के बावजूद कमरे न देने जैसे आरोप भी लगाये। माना जा रहा है कि आगे मैदानी क्षेत्रों में विद्यालयों के ग्रीष्मावकाश के खुलने और नये शैक्षणिक सत्र के लिये प्रवेश होने तथा बारिश का मौसम आने के साथ पर्यटकों की संख्या खासकर सप्ताह के बीच के दिनों में कम हो सकती है, जबकि पर्यटन व्यवसायी आगे भी सैलानियों की आवक बने रहने के प्रति आशान्वित हैं।

