हिमाचल में जुलाई से आंदोलन करेगी एबीवीपी, ‘शिक्षा बचाओ यात्रा’ समेत कई कार्यक्रमों का ऐलान
- DSS Admin
- Jun 14, 2026
शिमला, 14 जून (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने हिमाचल प्रदेश में जुलाई महीने से छात्रहित के मुद्दों को लेकर आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है। संगठन प्रदेशभर में ज्ञापन अभियान, छात्रावास अभियान, धरना-प्रदर्शन और “शिक्षा बचाओ यात्रा” आयोजित करेगा। इसके अलावा शिक्षा के अधिकार, शैक्षणिक संस्थानों में रिक्त पदों की भर्ती, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, महिला सुरक्षा और विद्यार्थियों की समस्याओं को लेकर जनजागरण अभियान भी चलाया जाएगा। यह निर्णय बिलासपुर में आयोजित एबीवीपी के चार दिवसीय प्रदेश अभ्यास वर्ग में लिया गया।
एबीवीपी का प्रदेश अभ्यास वर्ग 11 से 14 जून तक बिलासपुर में आयोजित हुआ, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए 209 प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में छात्र, छात्राएं, प्राध्यापक और संगठन के कार्यकर्ता शामिल रहे। अभ्यास वर्ग में एबीवीपी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नागेश ठाकुर, राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री देवदत्त जोशी, विशेष आमंत्रित सदस्य प्रोफेसर प्रदीप कुमार और क्षेत्रीय संगठन मंत्री गौरव अत्री भी मौजूद रहे।
अभ्यास वर्ग के दौरान विभिन्न वैचारिक सत्र आयोजित किए गए। “बदलते परिसर परिदृश्य में युवा मन की दिशा और अभाविप की भूमिका” विषय पर बोलते हुए नागेश ठाकुर ने कहा कि शिक्षा परिसरों में तेजी से बदलाव हो रहे हैं और ऐसे समय में युवाओं को केवल डिग्री प्राप्त करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक जिम्मेदारी और सकारात्मक नेतृत्व की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उनके अनुसार एबीवीपी विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रीय चेतना को मजबूत करने का कार्य कर रही है।
वहीं, “संत रविदास जी एवं सामाजिक समरसता” विषय पर अपने संबोधन में देवदत्त जोशी ने कहा कि संत रविदास का जीवन सामाजिक समानता, मानवता और समरसता का प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक सम्मान और अवसर पहुंचाने का संदेश आज भी प्रासंगिक है। सामाजिक समरसता को सशक्त राष्ट्र निर्माण का आधार बताते हुए उन्होंने युवाओं से इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
---------------

