पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर डीसीएम एवं जेसीबी की टक्कर में दो घायल, एक की मौत

सुलतानपुर, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सोमवार की सुबह एक अनियंत्रित डीसीएम ट्रक ने हाईवे पर खड़ी जेसीबी मशीन को पीछे से टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में डीसीएम चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गाड़ी में सवार एक अन्य युवक घायल हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और यूपीडा की राहत टीम मौके पर पहुंची।

एक्सप्रेस-वे के किमी 98.500 पर बीती रात एक ट्रक (नंबर: RJ 19 GT 0480) गुजरात से मूंगफली लादकर गोंडा की ओर जा रहा था।

राजस्थान के बाड़मेर निवासी चालक हृदयराम अपने खलासी लूमाराम के साथ चला रहा था । चालक को नींद की झपकी आने के कारण ट्रक आगे चल रहे एक अज्ञात वाहन से टकराकर खराब हो गया था। कार्यदायी संस्था की एक जेसीबी मशीन को बुलाकर इस खराब ट्रक को पीछे से धकेलने का प्रयास किया जा रहा था। इस दौरान हाईवे पर सुरक्षा कोन लगाकर घेरा बनाया गया था।

इसी बीच, पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार डीसीएम (नंबर UP 32 MN 2666) के चालक को अचानक नींद आ गई। अनियंत्रित डीसीएम सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए सीधे एक्सप्रेस-वे पर खड़ी जेसीबी मशीन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि डीसीएम बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मृतक डीसीएम चालक की पहचान जिला बाराबंकी रामपुर कटरा, थाना सफदरगंज निवासी अतुल कुमार के रूप में हुई है। घायल डीसीएम में सवार सतीश कुमार पुत्र रामतीर्थ, निवासी मोहम्मदपुर, थाना सतरिख, जिला- बाराबंकी को हल्की चोटें आईं। घटना की सूचना तत्काल बल्दीराय थाने को दी गई। मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की विधिक कार्रवाई शुरू की। घायल सतीश कुमार को एम्बुलेंस की मदद से सीएचसी कूरेभार भेजा गया।

   

सम्बंधित खबर