तूफानी दौरे पर विधायक पहुंचे काई वाला चुम्बर, पानी व सड़क समस्याओं के समाधान का दिया भरोसा
- DSS Admin
- May 11, 2026

कठुआ, 11 मई । नगरी मंडल के अंतर्गत आने वाले काई वाला चुम्बर गांव में विधायक ने तूफानी दौरा कर स्थानीय लोगों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। इस दौरान ग्रामीणों ने अपनी दैनिक जीवन से जुड़ी कई अहम परेशानियां विधायक के सामने रखीं।
ग्रामीणों ने विशेष रूप से पेयजल की कमी, सड़क व गलियों की खराब हालत तथा नालियों के निर्माण की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। लोगों का कहना था कि इन मूलभूत सुविधाओं की कमी के कारण उन्हें लंबे समय से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विधायक ने मौके पर मौजूद अधिकारियों व संबंधित विभागों को इन समस्याओं के जल्द समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश देने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और लोगों की सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। इस अवसर पर नगरी मंडल प्रधान रवि अंडोंत्रा, नगरी मंडल महामंत्री प्रवेश शर्मा, पूर्व मंडल प्रधान अर्पण वर्मा, काला शाह, जी डी मन्याल, दौलत राम, हरबंस सैनी, जोध सैनी, डॉ. नसीब, अतर सिंह, पूर्व सरपंच, पूर्व पंच सहित इलाके के कई गणमान्य लोग भी उपस्थित रहे। दौरे के दौरान विधायक ने लोगों को आश्वस्त किया कि उनकी समस्याओं को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और शीघ्र ही आवश्यक कार्य शुरू करवाए जाएंगे, ताकि गांव में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।
---------------

