सुलतानपुर : पेड़ पर लटका मिला युवक का शव, जांच शुरू

सुलतानपुर, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर के बल्दीराय थाना क्षेत्र के देवरा गांव के पास स्थित डडवा जंगल में सोमवार को एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में रस्सी के सहारे पेड़ से लटकता हुआ मिला है। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई।

मृतक की पहचान मंजीत (23) पुत्र राम कल्प, निवासी पूरे बसई मजरे देवरा, थाना बल्दीराय के रूप में हुई है। ग्रामीणों ने सुबह जंगल में शव लटका देखा, जिसके बाद हड़कम्प मच गया। सूचना पर पहुंची बल्दीराय पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की।

थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल मौत के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी। पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद से गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। पुलिस ने परिजनों के बयान भी दर्ज किए हैं।

---------------

   

सम्बंधित खबर