कोरिया : 'डमी ग्राहक' भेजकर पकड़ा महुआ शराब का अवैध कारखाना, आरोपित जेल दाखिल
- DSS Admin
- Jun 25, 2026
अम्बिकापुर, 25 जून (हि.स.)। नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत संभागीय आबकारी उड़नदस्ता (सरगुजा संभाग) की टीम ने आज गुरुवार को जिला कोरिया में महुआ शराब के एक बड़े सप्लायर के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई की है। मदिरा दुकान चरचा के औचक निरीक्षण के दौरान टीम को मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि, पंडोपारा (चरचा) निवासी दिलमोहन तिर्की अपने घर में भारी मात्रा में अवैध महुआ शराब रखकर उसकी बिक्री करता है।
मुखबिर से मिली सूचना की सत्यता जांचने के लिए आबकारी विभाग ने पहले एक सोची-समझी रणनीति अपनाई। टीम ने एक डमी ग्राहक भेजकर दिलमोहन तिर्की के घर से 100 रुपये में एक लीटर महुआ शराब की खरीदी कराई। इसके तुरंत बाद पुख्ता सबूत मिलते ही टीम ने उसके घर पर अचानक छापेमारी कर दी। जब घर की तलाशी ली गई, तो अधिकारी भी हैरान रह गए; दिलमोहन तिर्की ने अपने घर के एक कमरे को महुआ शराब बनाने के बकायदा कारखाने में तब्दील कर रखा था। मौके से लगभग 14 प्लास्टिक के डिब्बों में भरा हुआ 250 किलो महुआ लाहन और 20 लीटर तैयार महुआ शराब बरामद की गई।
आबकारी टीम ने तत्परता दिखाते हुए अवैध महुआ लाहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया और कुल 21 लीटर महुआ शराब को जब्त कर लिया। आरोपित दिलमोहन तिर्की को आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ख), 34(2) और 59(क) के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इस पूरी बड़ी कार्रवाई को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में अंजाम दिया गया, जिसमें सहायक उपनिरीक्षक रमेश दुबे, आबकारी मुख्य आरक्षक अशोक सोनी, नगर सैनिक रणविजय सिंह, रोहित सोनवानी, ओम प्रकाश गुप्ता और महिला सैनिक चंद्रावती ने अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
---------------

