ममता बनर्जी बोलें तो रेजीनगर सीट छोड़ने को तैयार हूंः हुमायूं कबीर
- DSS Admin
- Jun 04, 2026
कोलकाता, 04 जून (हि.स.)। पश्चिम बंगाल की बदलती राजनीतिक परिस्थितियों के बीच आम जनता उन्नयन पार्टी के विधायक हुमायूं कबीर एक बार फिर अपने बयान को लेकर चर्चा के केंद्र में आ गए हैं। इस बार उन्होंने सीधे पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने राज्य की राजनीति में हलचल पैदा कर दी है।
हुमायूं कबीर ने कहा कि यदि ममता बनर्जी स्वयं चाहें तो वह उन्हें रेजिनगर विधानसभा क्षेत्र से विधानसभा तक पहुंचाने की जिम्मेदारी लेने के लिए तैयार हैं। उनके इस बयान को राजनीतिक गलियारों में बेहद अहम माना जा रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि वर्तमान परिस्थितियों में ममता बनर्जी की विधानसभा में मौजूदगी आवश्यक है। हुमायूं कबीर के अनुसार राज्य की राजनीति में उनकी भूमिका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता और विपक्ष के एक महत्वपूर्ण चेहरे के रूप में उनका सदन में होना जरूरी है।
विधायक हुमायूं कबीर ने यह भी दावा किया कि नंदीग्राम जैसे क्षेत्र में ममता बनर्जी के लिए जीत हासिल करना कठिन हो सकता है, जबकि रेजिनगर का राजनीतिक समीकरण पूरी तरह अलग है। उनके अनुसार इस क्षेत्र में उनका प्रभाव और जनसमर्थन इतना मजबूत है कि वह किसी भी उम्मीदवार को जीत दिलाने की क्षमता रखते हैं।
उन्होंने आगे कहा कि यदि ममता बनर्जी व्यक्तिगत रूप से उनसे अनुरोध करें, तो वह उनके विधानसभा में वापसी की व्यवस्था करने के लिए तैयार हैं।
अपने राजनीतिक प्रभाव का उल्लेख करते हुए हुमायूं कबीर ने यह भी दावा किया कि उन्होंने रेजिनगर क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस को भारी मतों से पराजित किया है। भारतीय जनता पार्टी को भी बड़े अंतर से हराया है। उन्होंने भरोसा जताया कि भविष्य में भी वह इस क्षेत्र में जनता के समर्थन के आधार पर जीत हासिल करते रहेंगे।--------------

