जांजगीर-चांपा में सड़क सुरक्षा पर प्रशासन सख्त, कलेक्टर-एसपी ने दिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश
- DSS Admin
- Jun 22, 2026
जांजगीर-चांपा, 22 जून (हि. स.)। जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं को रोकने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने सख्त कदम उठाने की तैयारी शुरू कर दी है। सोमवार को कलेक्टर जन्मेजय महोबे और पुलिस अधीक्षक विवेक पांडेय ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर सड़क सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।
बैठक में दुर्घटनाओं में कमी लाने, ब्लैक स्पॉट सुधारने, अतिक्रमण हटाने और यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने को लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने जिले में चिन्हित ब्लैक स्पॉट और दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा संबंधी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन स्थानों पर दुर्घटनाओं की संभावना अधिक रहती है, वहां स्पीड ब्रेकर, चेतावनी संकेतक, रिफ्लेक्टर, कैट आई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य सुरक्षा उपाय तत्काल सुनिश्चित किए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण पाया जा सके।
कलेक्टर ने सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमणों को सड़क सुरक्षा के लिए बड़ी चुनौती बताते हुए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। इसके लिए राजस्व विभाग, नगरीय निकाय, लोक निर्माण विभाग, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण और पुलिस विभाग को समन्वय स्थापित कर कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा में बाधक अतिक्रमणों को हटाने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्कूलों और महाविद्यालयों में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया। साथ ही मोटरयान अधिनियम का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और आवश्यक होने पर उनके ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने को कहा।
बैठक में सड़क दुर्घटनाओं के बाद घायलों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने के मुद्दे पर भी चर्चा की गई। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग और संबंधित संस्थाओं को निर्देश दिए कि दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को ‘गोल्डन ऑवर’ के भीतर बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।
पुलिस अधीक्षक विवेक पांडेय ने सड़क सुरक्षा को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्देश जारी किए। उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में जिग-जैग मार्किंग, रम्बल स्ट्रिप, साइन बोर्ड, रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था और वाहनों में रिफ्लेक्टर लगाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने नेशनल हाईवे और स्टेट हाईवे पर नियमित पेट्रोलिंग बढ़ाने तथा ओवर स्पीडिंग, ड्रिंक एंड ड्राइव और सड़क किनारे ढाबों के आसपास वाहन खड़ा कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।
एसपी ने हेलमेट नहीं पहनने, सीट बेल्ट का उपयोग नहीं करने, ओवरलोडिंग, ओवर स्पीडिंग और अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर विशेष अभियान चलाकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ नियमों का सख्ती से पालन कराना भी जरूरी है।
बैठक के दौरान कलेक्टर और एसपी ने जिले की कानून व्यवस्था की स्थिति की भी समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर ज्ञानेंद्र सिंह ठाकुर, आरके तंबोली, स्निग्धा तिवारी, जिला परिवहन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

