आसनसोल में सड़क किनारे लगने वाली थोक मंडियों पर जल्द लगेगी रोक,

पश्चिम बर्दवान, 04 जून (हि. स.)।

आसनसोल शहर में बढ़ती यातायात समस्याओं और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर डीसीपी ट्रैफिक पी.वी.जी. सुरेश (आईपीएस) के नेतृत्व में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर के विभिन्न व्यापारिक संगठनों, नगर निगम अधिकारियों, कृषि विपणन विभाग तथा फल, सब्जी एवं मछली व्यवसायियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया।

बैठक में डीसीपी ट्रैफिक ने कहा कि आसनसोल में प्रतिदिन सुबह फल, सब्जी और मछली की थोक मंडियां सड़क के दोनों किनारों पर लग रही हैं, जिसके कारण यातायात व्यवस्था गंभीर रूप से प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही शहर की स्वच्छता पर भी प्रतिकूल असर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सभी पक्षों की राय ली जा रही है।

आसनसोल चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव शंभूनाथ झा ने कहा कि फल, सब्जी और मछली के लिए थोक बाजार की व्यवस्था पहले से तैयार है। यदि जल्द से जल्द व्यवसायियों को वहां स्थानांतरित किया जाता है तो शहर की यातायात व्यवस्था में उल्लेखनीय सुधार आएगा और सड़कों पर अतिक्रमण की समस्या भी समाप्त होगी। उन्होंने कहा कि इससे आसनसोल को स्वच्छ और व्यवस्थित शहर बनाने में मदद मिलेगी।

चैंबर ऑफ कॉमर्स के वरिष्ठ सदस्य नरेश अग्रवाल ने भी इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए कहा कि सड़क किनारे मंडियों के कारण आम नागरिकों को काफी परेशानी होती है। नगर निगम के अधिकारियों और उपस्थित व्यवसायियों ने भी थोक बाजार में स्थानांतरण के पक्ष में अपनी सहमति व्यक्त की।

बैठक के बाद डीसीपी ट्रैफिक पी.वी.जी. सुरेश ने कहा कि चर्चा अत्यंत सकारात्मक और सार्थक रही। प्रशासन जल्द ही फल, सब्जी एवं मछली कारोबारियों को निर्धारित थोक बाजार में स्थानांतरित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाएगा। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि पार्किंग, अवैध अतिक्रमण अथवा यातायात संबंधी किसी भी समस्या की जानकारी सीधे ट्रैफिक विभाग को दें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।

बैठक में शंभूनाथ झा, नरेश अग्रवाल, मुनीर अख्तर, गौर अली, एम. रिजवान, राजीव कुमार, सद्दामुल हक, देबदीप चटर्जी, कौशिक गुप्ता सहित कृषि विपणन विभाग, नगर निगम और विभिन्न व्यापारिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस पहल को आसनसोल में यातायात सुधार और स्वच्छ शहर अभियान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

---------------

   

सम्बंधित खबर