दक्षिण 24 परगना, 26 मई (हि.स.)। दक्षिण 24 परगना जिले के नरेंद्रपुर थाना क्षेत्र के रामचंद्रपुर स्थित एक रंग और स्याही बनाने वाली फैक्ट्री में मंगलवार सुबह भीषण आग लग गई। आग लगते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री में बड़ी मात्रा में रासायनिक पदार्थ रखे होने के कारण आग तेजी से फैल गई।
सूचना मिलने पर दमकल की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकलकर्मी काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाने में सफल रहे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, फैक्ट्री में स्याही बनाने के लिए विभिन्न प्रकार के रसायन मौजूद थे। इसी वजह से आग ने कुछ ही समय में विकराल रूप ले लिया। पुलिस ने बताया कि फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। हालांकि, आग से भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
---------------

