पुलिस लाठीचार्ज मामला: सेंट्रल बार का एलान, लखनऊ के अधिवक्ताओं का 25 मई तक सामूहिक अवकाश
- DSS Admin
- May 20, 2026
लखनऊ, 20 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के कैसरबाग अंतर्गत कचहरी परिसर के बाहर बीती 17 मई को वकीलों के चैंबर तोड़ने और अधिवक्ताओं पर पुलिस लाठीचार्ज का विरोध बढ़ता जा रहा है। इस संबंध में बुधवार को सेंट्रल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बैठक की। निर्णय लिया गया कि अधिवक्ता हितों एवं सम्मान की रक्षा के लिए आगमी 25 मई तक अधिवक्ता सामूहिक अवकाश पर रहेंगे। इसके बाद आगे आंदोलन का निर्णय लिया जाएगा।
सेंट्रल बार एसोसिएशन के महामंत्री अवनीश दीक्षित ने बताया कि आज लखनऊ के अधिवक्ता साथियों की एक पंचायत (आम सभा) सेंट्रल बार एसोसिएशन लखनऊ के पदाधिकारीगणों के नेतृत्व में आयोजित की गई। सभा में विस्तृत विचार-विमर्श बाद निर्णय लिया गया कि 25 मई 2026 तक समस्त अधिवक्तागण सामूहिक अवकाश पर रहेंगे।
उन्होंने बताया कि अधिवक्ताओं पर हुए लाठीचार्ज के संबंध में दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध विधिक कार्यवाही करते हुए मुकदमा दर्ज कराए जाने का निर्णय लिया गया। साथ ही वजीरगंज थाने में अधिवक्ताओं के विरुद्ध दर्ज कथित झूठे मुकदमों को वापस लिए जाने के लिए शासन एवं प्रशासन से माँग की गई।
महामंत्री ने बताया कि आगामी रणनीति एवं आंदोलन की रूपरेखा प्रदेश भर के अधिवक्ताओं के साथ लखनऊ में आयोजित बैठक के उपरांत निर्धारित की जाएगी।
---------------

