जौनपुर में पुलिस पर पैसे लेकर एफआईआर दर्ज करने का आरोप, अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर कर किया प्रदर्शन
- DSS Admin
- Jun 30, 2026
जौनपुर, 30 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले के बक्शा थाना अंतर्गत पुलिस पर पैसे लेकर मुकदमे दर्ज करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कलेक्ट्रेट अधिवक्ता संघ के बैनर तले अधिवक्ताओं ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने एसपी कार्यालय के मुख्य गेट पर धरना देते हुए उसे कुछ समय के लिए बंद कर दिया, जिससे परिसर में आवागमन प्रभावित रहा।
कलेक्ट्रेट अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष घनश्याम सिंह के नेतृत्व में बड़ी संख्या में अधिवक्ता सुबह करीब 10 बजे एसपी कार्यालय पहुंचे। इस दौरान उन्होंने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए बक्शा थाना पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओं का कहना था कि बक्शा थाना पुलिस निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय धन लेकर एफआईआर दर्ज कर रही है। उनका आरोप था कि इस तरह की कार्यप्रणाली से आम जनता का पुलिस व्यवस्था से भरोसा लगातार कमजोर हो रहा है। अधिवक्ताओं ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।
करीब एक घंटे तक चले धरना-प्रदर्शन की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) आयुष श्रीवास्तव, अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) आतिश सिंह और क्षेत्राधिकारी (नगर) गोल्डी गुप्ता मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने अधिवक्ताओं से वार्ता कर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। अधिकारियों के आश्वासन के बाद अधिवक्ताओं ने धरना समाप्त कर दिया। हालांकि उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।---------------

