भागलपुर, 22 जून (हि.स.)। बिहार में बढ़ते अपराध और कानून व्यवस्था को लेकर आम आदमी पार्टी ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राकेश कुमार यादव ने सोमवार को प्रेस वार्ता कर बिहार सरकार पर जमकर निशाना साधा।
उन्होंने भोजपुर में भरत तिवारी के कथित एनकाउंटर मामले पर सवाल उठाते हुए कहा कि यह एनकाउंटर नहीं बल्कि हत्या है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भरत तिवारी ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया था। इसके बाद भी उन्हें गोली मार दी गई।
राकेश यादव ने कहा कि इस घटना से साफ है कि बिहार में कानून व्यवस्था पूरी तरह से बिगड़ चुकी है। वहीं बेगूसराय में युवती के साथ हुई घटना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में हर दिन अपराध बढ़ रहा है और अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। नीट परीक्षा पेपर लीक मामले पर भी उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोला।
उन्होंने कहा कि पेपर लीक से छात्रों को काफी नुकसान हुआ है। कई छात्र मानसिक तनाव में चले गए ऐसे में केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए। वहीं आम आदमी पार्टी के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर सत्येंद्र ने कहा कि अगर भरत तिवारी मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आम आदमी पार्टी सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगी।
---------------

