दुनिया के किसी भी कोने से किया जा सकेगा एसकेआरएयू का वर्चुअल ट्यूर
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
बीकानेर, 03 जून (हि.स.)। स्वामी केशवानन्द राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय ने डिजिटल नवाचार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए विश्वविद्यालय का वर्चुअल ट्यूर विकसित किया है।
कुलगुरु प्रो. आर. बी. दूबे ने बुधवार को वर्चुअल ट्यूर का विमोचन किया। इस अवसर पर डॉ दुबे ने कहा कि विश्वविद्यालय के संसाधनों की वर्चुअल उपस्थिति समय की मांग है इससे वैश्विक पटल पर विश्वविद्यालय को नई पहचान मिल सकेगी।
डॉ दुबे ने कहा कि वर्चुअल ट्यूर के माध्यम से विद्यार्थी, शोधार्थी, अभिभावक और अन्य हितधारक संस्थान की सुविधाओं, उपलब्धियों एवं इन्फ्रास्ट्रक्चर से दूर बैठे ही परिचित हो सकेंगे। सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी के इस दौर में वर्चुअल ट्यूर संस्थान की पहचान को और विस्तार देने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगा । इसके माध्यम से विदेश में बैठकर भी विश्वविद्यालय के परिसर, महाविद्यालयों, प्रयोगशालाओं, अनुसंधान केन्द्रों, पुस्तकालयों, छात्रावासों सहित अन्य सुविधाओं का अवलोकन किया जा सकता है।
वर्चुअल ट्यूर के डिजाइन एवं विकास के लिए कुल गुरु ने
सेंटर फॉर इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट एंड कंप्यूटर एप्लीकेशन्स (सिमका) की टीम को बधाई दी।
इस अवसर पर सेंटर फॉर इन्फॉर्मेशन मैनेजमेंट एंड कंप्यूटर एप्लीकेशन्स (सिमका) प्रभारी डॉ. वी. एस. आचार्य ने वर्चुअल ट्यूर की विशेषताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कुलगुरु प्रो. दूबे के मार्गदर्शन में विश्वविद्यालय का वर्चुअल टूर विकसित किया है, यह विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेगा। इसमें समस्त गतिविधियों व संसाधनों का 360 डिग्री चित्रण किया गया है, इस पहल से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक, अनुसंधान एवं प्रसार गतिविधियों को वैश्विक स्तर पर पहचान मिलेगी।
कुलसचिव डॉ. देवाराम सैनी ने सिमका टीम को इस पहल की बधाई दी तथा विश्वविद्यालय की गतिविधियों को इस वर्चुअल टूर पर लगातार अपडेट रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अनुसंधान निदेशक डॉ. एन. के. शर्मा,कृषि महाविद्यालय अधिष्ठाता डॉ. विजय प्रकाश, प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. दीपाली धवन, छात्र कल्याण निदेशक डॉ. एच. एल. देशवाल, इंजी. विपिन लड्डा ,
आयोजना एवं अनुश्रवण निदेशक डॉ. शीशराम यादव, एस्टेट एवं लैंडस्केप निदेशक डॉ. वीर सिंह, स्नातकोत्तर अध्ययन अधिष्ठाता डॉ. राजेश कुमार वर्मा, सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
---------------

