छत पर खड़ी युवती पर अश्लील टिप्पणी, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी

महोबा, 08 जुलाई (हि.स.)।यूपी के महोबा में शहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवती को घर की छत पर अश्लील टिप्पणी कर परेशान करने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

जनपद मुख्यालय के एक मुहाल निवासी पीड़िता ने कोतवाली में तहरीर दे बताया कि सुबह वह अपने घर की छत पर खड़ी थी। तभी सामने रहने वाले राघवेन्द्र सिंह ने उसे अश्लील टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। जब विरोध किया तो आरोपी अपनी छत से गाली-गलौज करने लगा और जान से मारने की धमकी देने लगा। साथ ही अश्लील हरकतें भी करने लगा। जब पीड़िता ने थाने शिकायत करने की बात कही तो आरोपी ने शिकायत करने पर देख लेने की धमकी दी।आरोपी पहले भी उसके परिवार से कई बार झगड़ा कर चुका है, जिसका कोतवाली में मुकदमा भी दर्ज है।

पीड़िता ने बताया कि उससे पहले की घटनाओं की वीडियो रिकॉर्डिंग भी उसके पास है, जिसमें आरोपी द्वारा उसे बदनाम करने की मंशा से अश्लील टिप्पणी और धमकी दी गई है। इससे उसकी लज्जा भंग हुई है और वह मानसिक तनाव में है।

बुधवार को सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष कुमार पांडेय ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपित राघवेंद्र सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है, मामले की जांच की जा रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर