चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर मोदी की चुप्पी जनता के साथ विश्वासघातः कांग्रेस
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
नई दिल्ली, 03 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस ने कहा है कि अयोध्या में राम जन्मभूमि पर मंदिर निर्माण का पूरा श्रेय जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खुद लिया था तो आज चढ़ावे में चोरी की जिम्मेदारी भी उन्हीं को लेनी चाहिए। कांग्रेस ने कहा कि मंदिर में चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर प्रधानमंत्री मोदी की चुप्पी जनता के भरोसे के साथ बहुत बड़ा विश्वासघात है।
कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता डॉ. रागिनी नायक बसोया ने शुक्रवार को यहां पार्टी मुख्यालय में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि राम मंदिर में देश के सबसे गरीब मजदूर से लेकर उद्योगपति तक ने अपनी श्रद्धा के अनुसार मेहनत की कमाई दान की है। यह किसी की व्यक्तिगत संपत्ति नहीं है। इस चोरी को भाजपा के नेता अपना अंदरूनी मामला बताकर दबा नहीं सकते। प्रधानमंत्री को तुरंत सामने आकर देश की जनता को इस महाघोटाले पर जवाब देना होगा।
उन्होंने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास पर आरोप लगाते हुए कहा कि दान देने वालों से एक हलफनामे पर दस्तखत कराए जा रहे हैं, जिसमें साफ लिखा है कि दान मिलने के बाद न्यास उस पैसे या सामग्री का जैसे चाहे इस्तेमाल करे, दानदाता उस पर कोई सवाल नहीं उठा सकता। न्यास यह जांचने की भी जहमत नहीं उठा रहा कि दान में आ रहा सोना-चांदी वैध है या अवैध और न ही उसकी कोई पक्की रसीद दी जा रही है।
डॉ. नायक ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम का नाम इतना पवित्र है कि उसके उच्चारण मात्र से सारे पाप धुल जाते हैं, लेकिन कुछ अधार्मिक लोग उसी पावन नाम और आस्था के साथ छल कर रहे हैं। वोट चोरी और सीट चोरी के बाद अब राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी ने हर देशवासी के दिल में गहरी चुभन पैदा कर दी है। इस महाघोटाले में शामिल हर व्यक्ति पर कार्रवाई होनी चाहिए।
उन्होंने सुरक्षा और जांच को लेकर कुछ तथ्य मीडिया के सामने रखते हुए कहा कि मंदिर परिसर में मात्र 40 दिनों के भीतर 70 चोरियों की वारदात सामने आई हैं। भारी जनदबाव के बाद सरकार ने एसआईटी तो गठित कर दी लेकिन उसकी रिपोर्ट को सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है। आखिरकार सरकार किसे बचा रही है। कांग्रेस प्रवक्ता ने न्यास को तत्काल भंग करने, न्यास के संचालन और वित्तीय लेनदेन की जांच सर्वोच्च न्यायालय की निगरानी में कराने की मांग की है।
-----------

