औरैया : बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रिकेट टूर्नामेंट शुरू
- DSS Admin
- May 18, 2026
औरैया, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के ग्राम रमपुरा हैदरपुर में आयोजित बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रिकेट टूर्नामेंट का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। टूर्नामेंट का उद्घाटन समाजवादी पार्टी (सपा) जिलाध्यक्ष सर्वेश बाबू गौतम ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम के दौरान पूरे मैदान में उत्साह और जोश का माहौल देखने को मिला।
उद्घाटन अवसर पर सर्वेश बाबू गौतम ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेलकूद युवाओं के जीवन का अहम हिस्सा है। शिक्षा के साथ-साथ खेल भी बेहद जरूरी हैं, क्योंकि खेलों से शरीर स्वस्थ रहता है और मानसिक विकास भी होता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के खेल मैदानों से ही प्रतिभाशाली खिलाड़ी निकलकर प्रदेश और देश का नाम रोशन करते हैं।
उन्होंने युवाओं को अनुशासन, मेहनत और लगन के साथ खेलों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हुए कहा कि खेल भाईचारे और आपसी सौहार्द का भी प्रतीक हैं। गांवों में इस प्रकार के आयोजन युवाओं को सकारात्मक दिशा देने का कार्य करते हैं।
टूर्नामेंट के दौरान क्रिकेट क्लब के सदस्यों एवं ग्रामीणों ने जिलाध्यक्ष का फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। वहीं सपा वरिष्ठ नेता एवं सभासद राहुल तिवारी ने भी खिलाड़ियों के बीच पहुंचकर बल्लेबाजी की और मैदान में शानदार चौके-छक्के लगाकर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। उनके खेल प्रदर्शन पर मौजूद लोगों ने तालियां बजाकर हौसला अफजाई की।
इसके अलावा हाईकोर्ट के अधिवक्ता एवं सपा नेता उपेंद्र भारती ने भी खिलाड़ियों के साथ मैच खेलकर उनका मनोबल बढ़ाया। टूर्नामेंट में मौजूद अतिथियों ने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने की अपील की।
आयोजन समिति ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि टूर्नामेंट में आसपास के कई गांवों की टीमें हिस्सा ले रही हैं। आने वाले दिनों में रोमांचक मुकाबले देखने को मिलेंगे। इस दौरान क्षेत्र के गणमान्य लोग, युवा खिलाड़ी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
---------------

